लुधियाना तलाक को लेकर पत्नी ने पति पर किया हमला: पत्नी ने प्रेमी,मां और बहन के साथ मिलकर पति पर दात-गंडासों से वार घटना का सीसीटीवी आया सामने – Ludhiana News
लुधियाना महानगर के लोहारा इलाके से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक मामला सामने आया है जहां बीच सड़क पर महिलाओं द्वारा जमकर गुंडागर्दी की गई। पत्नी ने अपने अवैध संबंधों के चलते अपने ही पति की जान लेने की कोशिश की। महिला ने अपने कथित प्रेमी, मां (सा
.
अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे पीड़ित युवक की पहचान युवराज निवासी लोहारा के रूप में हुई है। बेड पर उपचाराधीन युवराज ने अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष पर आरोप लगाए हैं। पीड़ित ने बताया मेरी शादी को 10 साल हो चुके हैं और हमारे दो मासूम बच्चे हैं। सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन कुछ महीने पहले मेरी पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति के साथ अवैध संबंध बन गए। इसके बाद से ही घर नर्क बन गया और हर वक्त क्लेश रहने लगा। पत्नी ने हदें पार करते हुए मुझे मेरे ही घर से धक्के मारकर निकाल दिया और घर में रखा लाखों रुपये का सोना भी अपने प्रेमी को सौंप दिया।
युवराज ने आगे बताया कि उसकी पत्नी अब उस पर तलाक देने का लगातार दबाव बना रही है। लेकिन वह अपने दोनों बच्चों के भविष्य और उनकी परवरिश की खातिर पत्नी को तलाक देने के लिए तैयार नहीं था। बस इसी बात की रंजिश रखते हुए पत्नी ने अपने मायके परिवार और प्रेमी के साथ मिलकर उसे रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रच डाली।
शनिवार और रविवार: दो दिन लगातार घेरकर किया जानलेवा हमला
पीड़ित युवराज के अनुसार आरोपियों के हौसले इतने बुलंद थे कि उन्होंने उस पर एक बार नहीं, बल्कि दो दिन लगातार जानलेवा हमले किए शनिवार देर शाम जब युवराज लोहारा इलाके में मौजूद था, तो उसकी पत्नी, उसका कथित प्रेमी, सास, साली और कुछ अज्ञात हमलावरों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। इससे पहले कि युवराज कुछ समझ पाता, उसकी सास और साली ने हाथ में पकड़े दात और गंडासे से उस पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। बीच सड़क पर खूनखराबा देखकर जब आसपास के लोग जुटने लगे, तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
पुलिस की सुस्ती पड़ी भारी, रविवार को फिर हमला: शनिवार की वारदात के तुरंत बाद पीड़ित के पिता ने इस संबंध में थाना डाबा में लिखित शिकायत दर्ज करवाई थी। लेकिन आरोप है कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। पुलिस की इसी ढील के कारण आरोपियों के हौसले और बढ़ गए। उन्होंने रविवार को दोबारा युवराज और उसके पूरे परिवार पर धावा बोल दिया और सरेआम जमकर मारपीट की।
CCTV में कैद वारदात :
वारदात का जो CCTV फुटेज सामने आया उस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक बुजुर्ग महिला (सास), एक अन्य महिला (साली) और कुछ युवक पहले युवराज को घेरकर लात-घूंसों से बुरी तरह पीटते हैं। इसके बाद कानून और पुलिस का खौफ ताक पर रखकर दोनों महिलाएं सरेआम तेजधार हथियारों (दात-गंडासे) से युवक पर लगातार वार करती हैं। युवक जान बचाने के लिए जमीन पर गिर जाता है, लेकिन हमलावर महिलाएं बेहद बेरहमी से उस पर हथियार चलाती रहती हैं। इस लाइव गुंडागर्दी के बाद से पूरे लोहारा इलाके में डर का माहौल बना हुआ है।
पुलिस ने कहा
थाना डाबा के SHO परमदीप सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि महिलाओं द्वारा की गई मारपीट का वीडियो और CCTV फुटेज अब उनके संज्ञान में आया है। दोनों पक्षों की बात सुनी जा रही है। पीड़ित परिवार की शिकायत और CCTV के सबूतों के आधार पर जानलेवा हमले की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जाएगी।

