पंजाब के डेरा ब्यास पहुंचे हरियाणा CM नायब सैनी: बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों से मुलाकात, डेरे का पंजाब में खास प्रभाव – Panchkula News

पंजाब के डेरा ब्यास पहुंचे हरियाणा CM नायब सैनी:  बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों से मुलाकात, डेरे का पंजाब में खास प्रभाव – Panchkula News




हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को डेरा राधा स्वामी सत्संग, ब्यास पहुंचकर डेरा प्रमुख बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उनका आशीर्वाद प्राप्त किया तथा विभिन्न सामाजिक एवं आध्यात्मिक विषयों पर विचार-विमर्श किया। इसके उपरांत मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कपूरथला पहुंचे, जहां उन्होंने प्रसिद्ध माता भद्रकाली मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं देशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत समाज को जोड़ने तथा सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करने का कार्य करती है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कपूरथला के सर्कुलर रोड मार्केट क्षेत्र में लोगों से मुलाकात की तथा स्थानीय नागरिकों का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान लोगों में मुख्यमंत्री के प्रति विशेष उत्साह देखने को मिला।मुख्यमंत्री ने स्थानीय नागरिकों से कहा कि सरकार जनकल्याण, विकास और सुशासन के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है तथा आमजन के हित सर्वोपरि हैं। डेरे का पंजाब में खास प्रभाव
पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश सहित देश-विदेश में डेरा ब्यास के लाखों समर्पित अनुयायी हैं। पंजाब की लगभग 30 सीटों (विशेषकर माझा और मालवा क्षेत्र जैसे अमृतसर, जालंधर, मोगा, फिरोजपुर) पर डेरा के अनुयायी निर्णायक भूमिका में होते हैं। इसके समर्थकों में हिंदू और सिख दोनों समुदायों के लोग बड़ी संख्या में शामिल हैं। चुनाव के दौरान राजनीतिक दिग्गजों का जमावड़ा चूंकि डेरा प्रमुख का अपने अनुयायियों पर गहरा प्रभाव है, इसलिए चुनाव आते ही सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के शीर्ष नेताओं का ब्यास मुख्यालय में आना शुरू हो जाता है। 2022 विस चुनाव से पहले भी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डेरा ब्यास प्रमुख बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों से मुलाकातें की थी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *