पंजाब BJP को जल्द मिलेगा नया प्रधान: केवल ढिल्लों का नाम सबसे आगे, बिट्टू-मनजीत राय भी रेस में; हाईकमान लेगा फैसला – Chandigarh News

पंजाब BJP को जल्द मिलेगा नया प्रधान:  केवल ढिल्लों का नाम सबसे आगे, बिट्टू-मनजीत राय भी रेस में; हाईकमान लेगा फैसला – Chandigarh News




पंजाब भाजपा को जल्द ही नया प्रधान मिल सकता है। बरनाला के पूर्व विधायक केवल सिंह ढिल्लों को यह अहम जिम्मेदारी मिलने की संभावना जताई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक इसको लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं, जबकि मौजूदा प्रधान सुनील जाखड़ 2027 विधानसभा चुनाव अभियान में अहम भूमिका निभाते रहेंगे। जानकारी के अनुसार, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग लंबे समय से पंजाब भाजपा की कमान किसी सिख चेहरे को सौंपने की पैरवी कर रहे हैं। अब तक पार्टी का आधार मुख्य रूप से हिंदू वोट बैंक पर केंद्रित रहा है, लेकिन नेतृत्व संतुलन साधने के लिए सिख चेहरे को आगे लाने की रणनीति पर काम चल रहा है। हालांकि केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और मनजीत राय भी दौड़ में हैं। आखिरी फैसला पार्टी हाईकमान की तरफ से लिया जाएगा। बड़े नेताओं का समर्थन सूत्रों के अनुसार, आरएसएस के पंजाब प्रभारी मंत्री श्रीनिवासलु भी केवल सिंह ढिल्लों के नाम का समर्थन कर रहे हैं। वहीं हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, जो लगातार पंजाब में पार्टी कार्यक्रमों और रैलियों में हिस्सा ले रहे हैं, भी सिख चेहरे को आगे लाने के पक्ष में बताए जा रहे हैं। हाल ही में पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह चर्चा में आए थे, जब डेरा ब्यास प्रमुख बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों ने उनसे मुलाकात की थी। इसके अलावा भाजपा संगरूर और बरनाला क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत करने के प्रयास कर रही है। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के कुछ करीबी नेता भी भाजपा में शामिल हो चुके हैं। दो दशक से अधिक समय का है अनुभव केवल सिंह ढिल्लों पिछले दो दशकों से राजनीति में सक्रिय हैं। वह बरनाला की राजनीति का एक प्रमुख चेहरा रहे हैं। कांग्रेस टिकट पर वह 2007 और 2012 में बरनाला से विधायक चुने गए और 2012 में उन्होंने बड़ी जीत दर्ज की थी। वह पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट भी रह चुके हैं। 2017 विधानसभा चुनाव और 2019 संगरूर लोकसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। जून 2022 में उन्होंने कांग्रेस छोड़कर भाजपा जॉइन की थी। इसके बाद भाजपा ने उन्हें संगरूर लोकसभा उपचुनाव में उम्मीदवार बनाया। फिलहाल वह पंजाब भाजपा की कोर कमेटी के वरिष्ठ सदस्यों में शामिल हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *