’20 दिन पहले कहा था, बेटी को मार देंगे’: रोहतक में कबड्डी प्लेयर शीलू के घर के बाहर रोती रहीं महिलाएं, 4 घंटे चला हंगामा – Rohtak News
बहु अकबरपुर गांव में हंगामा करतीं महिलाएं। इनसेट में शीलू बल्हारा के साथ मुस्कान की फाइल फोटो।
रोहतक में इंटरनेशनल कबड्डी प्लेयर शीलू बल्हारा की पत्नी मुस्कान (23) के सुसाइड केस को लेकर विवाद बढ़ गया है। मुस्कान की ससुराल बहु अकबरपुर में शुक्रवार शाम करीब चार घंटे तक हंगामा चलता रहा। शाम करीब सवा 7 बजे पुलिस ने मुस्कान के शव को PGI के डेडहाउस
.
इसी दौरान एक महिला चीखते हुए मुस्कान के ससुर को आवाज देकर बोली, “सुरेंद्र, मेरी बेटी को क्यों मार डाला? 20 दिन पहले भी कहकर गए थे कि हम मार देंगे। हमें नहीं पता था कि तुम सच में ऐसा कर दोगे।” महिला ने अपने चेहरे पर चुन्नी ओढ़ रखी थी। इसलिए आसपास के लोग भी उसकी पहचान नहीं कर सके कि वह मुस्कान की क्या लगती है।
बहु अकबरपुर थाना पुलिस को अभी तक इस मामले में मायके पक्ष की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है। शनिवार को मुस्कान के शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा सकता है।
शुक्रवार शाम को बहु अकबरपुर गांव में शीलू बल्हारा के घर के बाहर हंगामा करते मुस्कान के मायके वाले।
8 दिसंबर 2023 को हुई थी शादी
मुस्कान महम के फरमाना गांव की रहने वाली थी और उसकी 8 दिसंबर 2023 को शीलू के साथ शादी हुई। पिछले साल नवंबर में मुस्कान ने बेटे को जन्म दिया जिसका नाम हार्दिक है। मुस्कान के पिता फरमाना गांव में खेती करते हैं, जबकि मां गृहिणी हैं। उसका छोटा भाई पढ़ाई के साथ कबड्डी की ट्रेनिंग ले रहा है।

8 दिसंबर 2023 को शीलू और मुस्कान की शादी हुई थी।-फाइल
जानिए शुक्रवार को क्या हुआ…
- दोपहर करीब 4 बजे कमरे में लगाई फांसी: शुक्रवार दोपहर करीब 4 बजे मुस्कान बल्हारा ने घर की पहली मंजिल पर बने कमरे में फांसी लगा ली। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य भी घर में मौजूद थे। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। जब काफी देर तक मुस्कान बाहर नहीं आई तो परिजन उसे बुलाने पहुंचे, लेकिन दरवाजा नहीं खुला।
- पड़ोसी की मदद से तोड़ा गया दरवाजा: मुस्कान की सास ने पड़ोस में रहने वाली एक महिला को बुलाया। महिला अपने बेटे के साथ मौके पर पहुंची और सभी ने मिलकर कमरे की कुंडी तोड़ी। दरवाजा खुलते ही मुस्कान फंदे पर लटकी मिली। इसके बाद पुलिस और मायके पक्ष को सूचना दी गई। करीब एक घंटे बाद मुस्कान के मायके पक्ष के लोग गांव पहुंचे। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने शव शाम सवा 7 बजे एम्बुलेंस से डेड हाउस भेज दिया।
- करीब एक घंटे तक सड़क पर बैठा रहा मायका पक्ष: मुस्कान का शव ले जाने के बाद मायके पक्ष की महिलाएं और अन्य परिजन करीब एक घंटे तक घर के बाहर सड़क पर बैठे रहे। शीलू के परिवार की ओर से दिया गया पानी भी उन्होंने नहीं पिया। मुस्कान की मां और अन्य परिजन लगातार रोते रहे और बेटी की हत्या का आरोप लगाते रहे।
- रात 8 बजे पंचायत में बैठे दोनों पक्ष: रात करीब 8 बजे मायके पक्ष के लोगों को दोबारा घर के अंदर बुलाया गया। पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच बंद कमरे में पंचायत हुई। करीब दो घंटे तक बातचीत चली, लेकिन देर रात तक कोई निर्णय नहीं निकल सका।

पड़ोसी बोले- शीलू का परिवार सभ्य
पड़ोसियों ने बताया कि शीलू का परिवार गांव में सभ्य और मिलनसार माना जाता है। करीब नौ महीने पहले बेटे के जन्म पर परिवार ने गांव में बड़ा कार्यक्रम भी किया था। शादी के बाद से मुस्कान का भाई भी शीलू के घर पर ही रहता था, जिसका खर्च शीलू उठाता था। साले के इस्तेमाल के लिए एक गाड़ी भी दी हुई थी।
उन्होंने कभी शीलू के घर से झगड़े की आवाज नहीं सुनी। उनका कहना है कि सास-बहू के बीच सामान्य अनबन हो सकती है, लेकिन ऐसा कोई विवाद कभी सामने नहीं आया। इसलिए मुस्कान के आत्महत्या करने की वजह उन्हें समझ नहीं आ रही।
पुलिस बोली- अभी कोई शिकायत नहीं
थाना बहुअकबरपुर के एसएचओ जसबीर ने बताया कि फिलहाल मायके पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। दोनों पक्षों के बीच बातचीत चल रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए डेड हाउस भेज दिया गया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। शिकायत मिलने पर उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
————————–
ये खबर भी पढ़ें :-
इंटरनेशनल कबड्डी प्लेयर बल्हारा की पत्नी ने सुसाइड किया:रोहतक में ससुराल में फांसी लगाई; मायके वालों का हंगामा, शीलू को साथ ले गई पुलिस

इंटरनेशनल कबड्डी प्लेयर शीलू बल्हारा की पत्नी मुस्कान बल्हारा (23) ने शुक्रवार शाम 4 बजे अपनी ससुराल में सुसाइड कर लिया। उन्होंने रोहतक के बहु अकबरपुर गांव स्थित घर में फंदा लगाकर जान दे दी। शीलू बल्हारा रोहतक के ही रहने वाले हैं। पढ़ें पूरी खबर…
