दीनानगर में 28 लाख रुपए के विकास कार्य की शुरुआत: AAP नेता शमशेर सिंह ने रखे पनियाड़ और मराड़ा में सड़कों के नींव के पत्थर – Batala News
गुरदासपुर में दीनानगर विधानसभा क्षेत्र में विकास की गति को तेज करते हुए आम आदमी पार्टी के हलका इंचार्ज शमशेर सिंह ने करीब 28 लाख रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों का उद्घाटन और नींव पत्थर रखा। इस दौरान उन्होंने दो प्रमुख गांवों—पनियाड़ और मराड़ा—में बहुप्रतीक्षित सड़क निर्माण कार्यों की शुरुआत करवाकर क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत दी। विकास कार्यों की जानकारी देते हुए हलका इंचार्ज शमशेर सिंह ने बताया कि पनियाड़ लिंक रोड से सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल होते हुए ए.पी.के. रोड तक जाने वाली 900 मीटर लंबी लिंक रोड का 11.45 लाख रुपये की लागत से नींव पत्थर रखा गया। गांव मराड़ा में लंबे समय से बदहाल पड़ी एक किलोमीटर लंबी कच्ची फिरनी को 17 लाख रुपये की लागत से पक्का करने के कार्य की शुरुआत की गई। ‘सड़कें केवल मार्ग नहीं, तरक्की का पुल हैं’ इस मौके पर जनसभा को संबोधित करते हुए शमशेर सिंह ने कहा कि ये सड़कें केवल रास्ता नहीं हैं, बल्कि गांवों को खुशहाली, तरक्की और शहरों से जोड़ने वाला एक मजबूत माध्यम हैं। पनियाड़ में सड़क बनने से स्कूली बच्चों को अब कीचड़ और गड्ढों से निजात मिलेगी और राहगीरों का आवागमन बेहद सुगम हो जाएगा। विरोधी दलों पर साधा निशाना पिछली सरकारों को आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने सिर्फ झूठे वादे कर जनता को गुमराह किया, जबकि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली ‘आप’ सरकार कथनी में नहीं बल्कि धरातल पर काम करने में विश्वास रखती है। जनता के टैक्स का एक-एक पैसा पूरी ईमानदारी के साथ विकास कार्यों पर खर्च किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिया कि हलके के बाकी बचे विकास कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाएगा। इस अवसर पर गांव पनियाड़ के सरपंच वरिंदर सिंह बिंदु, मंडी बोर्ड के एस.डी.ओ. राकेश कुमार, प्रभात सिंह, सुखदेव सिंह, सुरिंदर कौर, रजनी कुमारी, रजनी ठाकुर, सुनीता कुमारी और सतनाम सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Source link
