‘वारिस पंजाब’ से अलग हुए नेताओं का बड़ा दावा: संगठन मूल विचारधारा से भटका, बीबी परमजीत कौर खालड़ा को CM चेहरा बनाया – Amritsar News
अमृतसर में बुधवार को ‘वारिस पंजाब’ से अलग हुए ‘पंथक आज़ाद ग्रुप’ ने एक प्रेस वार्ता की। इस दौरान ग्रुप के नेताओं ने ‘वारिस पंजाब’ के मौजूदा नेतृत्व पर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि भाई अमृतपाल सिंह के जेल जाने के बाद संगठन अपने मूल पंथक सिद्धांतों से भटक गया है। ग्रुप के मुख्य प्रवक्ता भाई सुरिंदरपाल सिंह तालपुरा ने कहा कि संगठन में अब ऐसे लोगों का प्रभाव बढ़ गया है, जिनका पहले पारंपरिक पंथक विचारधारा से कोई जुड़ाव नहीं था। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन युवाओं ने शुरुआत से ‘वारिस पंजाब’ को मजबूत किया, उन्हें अब हाशिए पर धकेला जा रहा है। तालपुरा ने बताया कि संगठन की कमान धीरे-धीरे ऐसे लोगों के हाथों में जा रही है, जो मूल उद्देश्य और विचारधारा से मेल नहीं खाते। इसी कारण पंथक सोच को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से एक अलग मंच बनाकर काम करने का निर्णय लिया गया है। बीबी परमजीत कौर को CM पद के रूप में पेश किया प्रेस वार्ता के दौरान ‘पंथक आज़ाद ग्रुप’ ने एक बड़ा राजनीतिक ऐलान करते हुए बीबी परमजीत कौर खालड़ा को पंजाब के मुख्यमंत्री पद के चेहरे के रूप में पेश किया। ग्रुप ने बीबी खालड़ा और उनके परिवार से पंजाब की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने तथा राज्य की बागडोर संभालने की अपील की। इस अवसर पर ग्रुप ने सूरी हत्याकांड से जुड़े राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत नजरबंद भाई संदीप सिंह सन्नी के स्वास्थ्य का मुद्दा भी उठाया। नेताओं ने दावा किया कि मुक्तसर जेल में उनकी तबीयत ठीक नहीं है और उन्हें बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के साथ-साथ अमृतसर अथवा होशियारपुर जेल में स्थानांतरित किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि इस मांग को लेकर 30 जुलाई को अमृतसर के डिप्टी कमिश्नर के माध्यम से पंजाब सरकार को एक ज्ञापन सौंपा जाएगा। ग्रुप के नेताओं ने कहा कि उनका उद्देश्य पंजाब में पंथक विचारधारा को मजबूत करना, शहीद परिवारों को सम्मान दिलाना और मूल सिद्धांतों के आधार पर जनआंदोलन को आगे बढ़ाना है। आने वाले समय में इस संबंध में प्रदेशभर में अपना अभियान जारी रखा जाएगा।
Source link
