पंजाब के वेटनरी इंस्पेक्टर 31 को करेंगे प्रदर्शन: मोहाली में डायरेक्टर एनिमल हस्बैंड्री ऑफिस के सामने रैली, मांगे पूरी न होने से रोष – tarn-taran News
पंजाब स्टेट वेटनरी इंस्पेक्टर एसोसिएशन ने अपनी लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ संघर्ष का बिगुल फूंक दिया है। एसोसिएशन ने 31 जुलाई 2026 को मोहाली स्थित पशुपालन विभाग के निदेशक कार्यालय के समक्ष विशाल विरोध प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। यह निर्णय तरनतारन में जिला प्रधान बलजिंदर सिंह कुलार की अध्यक्षता में आयोजित एक आपातकालीन बैठक के दौरान सर्वसम्मति से लिया गया। इस बैठक में तरनतारन जिले की तीनों तहसीलों के प्रधान—हरचरण सिंह धुंदा, गुरशरण सिंह पट्टी और सरूप सिंह ढिल्लो विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठकों में केवल खोखले आश्वासन मिले बैठक के बाद एसोसिएशन के स्टेट एडवाइजर दलजीत सिंह चहल ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि अपनी जायज मांगों के समाधान के लिए संगठन के प्रतिनिधिमंडल की पशुपालन मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां और विभाग के वरिष्ठ अधिकारी शाही के साथ कई दौर की बैठकें हो चुकी हैं। लेकिन, हर बार अधिकारियों और सरकार की ओर से केवल जल्द मांगें पूरी करने का खोखला आश्वासन ही मिला, धरातल पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। दलजीत सिंह चहल ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वेटनरी इंस्पेक्टरों की उपेक्षा की जा रही है और जनता को लुभाने के लिए कुछ ऐसी योजनाएं और वादे किए जा रहे हैं जो व्यावहारिक रूप से पूरी तरह बेतुके हैं। प्रदर्शन में उमड़ेगी राज्य भर के कर्मचारियों की भीड़ एसोसिएशन के नेताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों को गंभीरता से लागू नहीं किया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। 31 जुलाई को मोहाली में होने वाले प्रदर्शन में राज्य भर से सैकड़ों वेटनरी इंस्पेक्टर हिस्सा लेंगे। इस आपातकालीन बैठक के दौरान सरबजीत सिंह लालपुर, कुलविंदर सिंह एकलगड्डा, करमजीत सिंह झबल, परमिंदर सिंह दबुरजी, गुरप्रीत सिंह थारू, कवलजीत सिंह पलासौर, कवलजीत सिंह भाई धाईवाला, गुरप्रीत सिंह शहीद और गुरमुख सिंह किरतोवाल सहित कई प्रमुख कर्मचारी नेता व सदस्य उपस्थित रहे।
Source link

