तरनतारन में ऑपरेशन प्रहार 4.0 के तहत कार्रवाई: 128 से ज्यादा अपराधी और ड्रग तस्कर गिरफ्तार; गैंगस्टरों को चेतावनी – tarn-taran News
तरनतारन पुलिस ने ड्रग्स, संगठित अपराध और गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ बड़े स्तर पर कार्रवाई करते हुए ‘ऑपरेशन प्रहार 4.0’ चलाया। यह अभियान पंजाब के डीजीपी गौरव यादव के निर्देशों पर फिरोजपुर रेंज के डीआईजी स्नेहदीप शर्मा और तरनतारन के एसएसपी सुरेंद्र लांबा की निगरानी में संचालित किया गया। अभियान के दौरान 128 से अधिक हार्डकोर अपराधियों, वांछित आरोपियों और ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, अभियान में 26 राजपत्रित अधिकारियों की देखरेख में जिलेभर में 110 से अधिक टीमें तैनात की गईं। 1200 से ज्यादा पुलिसकर्मियों ने एक साथ ड्रग तस्करों, सीमा पार तस्करी से जुड़े तत्वों, गैंगस्टरों और फरार अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान का मुख्य उद्देश्य नशा तस्करी और संगठित अपराध को बढ़ावा देने वाले नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करना है। भारत-पाकिस्तान सीमा पर विशेष तलाशी अभियान भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे संवेदनशील क्षेत्रों और ड्रग्स प्रभावित हॉटस्पॉट इलाकों में विशेष तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस ने ड्रोन की मदद से सीमावर्ती क्षेत्रों की निगरानी की और तस्करी की गतिविधियों पर नजर रखी। इसके अलावा होटलों, गेस्ट हाउसों, बस स्टैंडों, रेलवे स्टेशनों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी जांच और सत्यापन अभियान चलाया गया। डीआईजी स्नेहदीप शर्मा और एसएसपी सुरेंद्र लांबा ने गैंगस्टरों और ड्रग तस्करों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे तुरंत आत्मसमर्पण करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून से बचने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि पंजाब पुलिस नशा तस्करी, संगठित अपराध और गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ अपनी मुहिम पूरी दृढ़ता के साथ जारी रखेगी।
Source link

