पाकिस्तानी स्पिनर उस्मान तारिक बोले- बॉलिंग एक्शन पूरी तरह लीगल: इस पर सवाल उठाना बल्लेबाजों का काम नहीं, अंपायर इसे पहले ही सही ठहरा चुके
पाकिस्तान के मिस्ट्री स्पिनर उस्मान तारिक ने उन बल्लेबाजों की आलोचना की है जो आउट होने के बाद उनके बॉलिंग एक्शन पर सवाल उठाते हैं। तारिक ने कहा कि यह बल्लेबाजों का काम नहीं है। अंपायर और मैच रेफरी सब कुछ देखने के लिए वहां मौजूद होते हैं। अगर अंपायर मुझे गेंदबाजी करने की अनुमति दे रहे हैं, तो इसका मतलब है कि मेरा बॉलिंग एक्शन लीगल है। द हंड्रेड में टिम डेविड ने उठाया था सवाल तारिक इस साल टी-20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान को रिप्रेजेंट कर चुके हैं। हाल ही में इंग्लैंड में ‘द हंड्रेड’ टूर्नामेंट के दौरान बर्मिंघम फीनिक्स की ओर से खेलते हुए उन्होंने ट्रेंट रॉकेट्स के ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज टिम डेविड को आउट किया था। कैच आउट होने के बाद डेविड ने नो-बॉल का इशारा किया था, जिससे ऐसा लगा कि वे तारिक के बॉलिंग एक्शन पर सवाल उठा रहे थे। अंपायरों को दखल देने की जरूरत तारिक ने कहा कि बार-बार एक्शन पर सवाल उठने से उन्हें निराशा होती है। उन्होंने कहा कि शायद अब अंपायरों और मैच रेफरी को इस पर कुछ करने की जरूरत है। तारिक ने याद दिलाया कि दुबई में इंटरनेशनल टी-20 लीग के दौरान इंग्लैंड के टॉम बैंटन ने भी ऐसा ही किया था। तब आउट करने के बाद उन्होंने बैंटन को अपनी बात साफ तौर पर बता दी थी। अश्विन कर चुके हैं तारिक का बचाव भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन पहले भी तारिक के एक्शन का बचाव कर चुके हैं। अश्विन का कहना है कि तारिक के बॉलिंग मोशन में जो ठहराव (पॉज) आता है, वह खेल के नियमों का उल्लंघन नहीं है। PSL में रिपोर्ट हुआ था एक्शन उस्मान तारिक को पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के एक मैच के दौरान संदिग्ध बॉलिंग एक्शन के लिए रिपोर्ट किया गया था, लेकिन बाद में ICC के असेसमेंट में उन्हें क्लीन चिट मिल गई थी। इससे पहले इस साल एक टी-20 इंटरनेशनल मैच के दौरान ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन ने भी तारिक के एक्शन पर सवाल उठाए थे। स्पिनरों के लिए टी-20 में कोई मदद नहीं तारिक ने कहा कि अब यह सब बंद होना चाहिए। उन्होंने बताया कि वे अपनी गेंदबाजी में वेरिएशन के लिए बहुत मेहनत करते हैं, क्योंकि आजकल टी-20 क्रिकेट में स्पिनरों के लिए कोई दया नहीं है। उन्होंने कहा कि इस फॉर्मेट में आपको हर समय पूरी तरह से फोकस रहना पड़ता है। बता दें कि तारिक इस सीजन ‘द हंड्रेड’ में अबरार अहमद के साथ खेलने वाले केवल दो पाकिस्तानी खिलाड़ियों में से एक हैं।
Source link

