भारत के असिस्टेंट कोच रयान टेन डोशेट ने इस्तीफा दिया: इंग्लैंड सीरीज के दौरान BCCI को फैसला बताया, IPL टीम कोलकाता से जुड़ेंगे
नई दिल्ली4 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
भारतीय क्रिकेट टीम के असिस्टेंट कोच रयान टेन डोशेट ने इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने इंग्लैंड दौरे के दौरान ही BCCI को अपने फैसले की जानकारी दे दी थी।
ESPN के मुताबिक अब टेन डोशेट IPL फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के कोचिंग स्टाफ से दोबारा जुड़ेंगे।
इंग्लैंड सीरीज में भारतीय टीम टी-20 और वनडे सीरीज हार गई थी। इससे पहले टीम को आयरलैंड ने पहली बार 2-0 से हराया था।
गौतम गंभीर के साथ टीम इंडिया में आए थे
नीदरलैंड के पूर्व कप्तान टेन डोशेट 2024 टी-20 वर्ल्ड कप के बाद गौतम गंभीर के हेड कोच बनने पर सपोर्ट स्टाफ में शामिल हुए थे। गंभीर ने ही उन्हें असिस्टेंट कोच चुना था। टीम में वह बल्लेबाजी और फील्डिंग, दोनों विभागों में जिम्मेदारी निभा रहे थे।

हेड कोच गौतम गंभीर के साथ टेन डोशेट।
भारत के साथ दो ICC खिताब जीते
टेन डोशेट के कार्यकाल में भारत ने 2025 एशिया कप और 2026 टी-20 वर्ल्ड कप जीता। हालांकि टेस्ट क्रिकेट में टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। भारत ऑस्ट्रेलिया में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी हार गया, जबकि घरेलू मैदान पर न्यूजीलैंड (3-0) और साउथ अफ्रीका (2-0) से टेस्ट सीरीज गंवाई।

टी-20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी के साथ कोचिंग स्टाफ।
KKR से रहा है पुराना रिश्ता
टेन डोशेट का KKR से लंबा जुड़ाव रहा है। खिलाड़ी के तौर पर उन्होंने 2012 और 2014 में टीम को IPL खिताब जिताने में योगदान दिया। इसके बाद 2022 में वह फ्रेंचाइजी के फील्डिंग कोच बने और 2024 तक कोचिंग स्टाफ का हिस्सा रहे। अब वह एक बार फिर KKR में वापसी करेंगे, जहां उनकी जोड़ी अभिषेक नायर के साथ फिर बनेगी।

टेन डोशेट कोलकाता के लिए 2011 से 2015 तक खेले थे।
——————– स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें…
श्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान

BCCI ने श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है। ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा फिट होकर टीम में लौट आए हैं।
मध्य प्रदेश के 33 साल के ऑफ-स्पिन ऑलराउंडर सारांश जैन को घरेलू क्रिकेट और हालिया इंडिया-ए दौरे पर शानदार प्रदर्शन के दम पर पहली बार राष्ट्रीय टेस्ट टीम में शामिल किया गया है। पढ़ें पूरी खबर


