पटियाला में ऑपरेशन के दौरान महिला की मौत: परिजनों ने अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया, पुलिस ने शुरू की जांच – Patiala News
पटियाला के एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान एक महिला की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने अस्पताल के बाहर जमकर हंगामा किया और डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। परिजनों का कहना है कि अस्पताल प्रबंधन ने इलाज के नाम पर लाखों रुपये लिए, लेकिन मरीज की जान नहीं बचा सका। मृतका 41 वर्षीय हरप्रीत कौर गांव जाफरपुर की निवासी थीं। उनके पति मलकीत सिंह ने पुलिस को बताया कि हरप्रीत के गले में रसौली की समस्या थी। उन्होंने एक निजी अस्पताल में डॉक्टर को दिखाया, जहां पहले एक सप्ताह की दवा दी गई और बाद में ऑपरेशन के लिए भर्ती कर लिया गया।परिजनों के अनुसार, ऑपरेशन के दौरान हरप्रीत कौर की तबीयत बिगड़ गई। डॉक्टरों ने उन्हें दूसरे निजी अस्पताल में रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। आरोप डॉक्टर की लापरवाही के कारण पत्नी की मौत अस्पताल के बाहर प्रदर्शन कर रहे परिजनों ने आरोप लगाया कि डॉक्टर की लापरवाही के कारण उनकी पत्नी की मौत हुई है। उनका कहना है कि ऑपरेशन से पहले डॉक्टर ने सर्जरी को सामान्य बताते हुए कुछ ही मिनटों में सफलतापूर्वक पूरा होने और मरीज के जल्द स्वस्थ होने का भरोसा दिया था, लेकिन ऑपरेशन के दौरान ही उनकी हालत बिगड़ गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में कोई भी व्यक्ति या अस्पताल दोषी पाया गया तो कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
Source link

