अमृतसर में किसानों-मजदूरों का प्रदर्शन: पंजाब सरकार का पुतला फूंक की नारेबाजी; लैंड-पूलिंग नीति-लाठीचार्ज का विरोध – Amritsar News
अमृतसर के कथूनंगल टोल प्लाजा पर आज किसान मजदूर संघर्ष समिति के 4 जोनों ने पंजाब सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री भगवंत मान सरकार का पुतला फूंककर रोष जताया। इस धरने में बड़ी संख्या में किसान, मजदूर और महिलाओं ने हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि खन्ना में प्रदर्शन कर रहे मनरेगा कर्मचारियों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। वहीं, बरनाला में सफाई सेवकों के धरने में भी पुलिस द्वारा बल प्रयोग किए जाने का आरोप लगाया गया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इन घटनाओं में कई कर्मचारी और महिलाएं घायल हुईं तथा महिलाओं के साथ धक्कामुक्की की गई। लैंड पूलिंग नीति किसानों के हितों के खिलाफ किसान मजदूर संघर्ष समिति के नेताओं ने कहा कि पंजाब सरकार की ओर से लाई गई लैंड पूलिंग नीति किसानों के हितों के खिलाफ है। उनका कहना है कि इस नीति से किसानों की कृषि भूमि और उनके अधिकारों पर असर पड़ सकता है। इसलिए सरकार को इस नीति को तुरंत वापस लेना चाहिए। सरकार विरोध की आवाज को पुलिस कार्रवाई से दबा रही धरने को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रखना हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन सरकार विरोध की आवाज को पुलिस कार्रवाई के जरिए दबाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बातचीत के बजाय बल प्रयोग का रास्ता अपना रही है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। पूरे पंजाब में आंदोलन करने की चेतावनी प्रदर्शनकारियों ने सरकार से मनरेगा कर्मचारियों, सफाई सेवकों और किसानों की मांगों पर जल्द सकारात्मक फैसला लेने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई और लैंड पूलिंग नीति वापस नहीं ली गई, तो पूरे पंजाब में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
Source link

