बरनाला लाठीचार्ज पर वाल्मीकि समाज सड़क पर उतरा: पठानकोट में प्रदर्शन, दोषी पुलिसकर्मियों को बर्खास्त कर केस दर्ज करने की मांग – Pathankot News
बरनाला में अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मचारियों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में पठानकोट में वाल्मीकि समाज का गुस्सा फूट पड़ा। विभिन्न वाल्मीकि संगठनों के प्रतिनिधियों ने पठानकोट के वाल्मीकि चौक पर एकत्रित होकर पंजाब सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने लाठीचार्ज के लिए जिम्मेदार आरोपी पुलिसकर्मियों के पुतले फूंके और अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया। इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व राष्ट्रीय वाल्मीकि धर्म समाज के जिला चेयरमैन बंटी खोसला ने किया। इस दौरान रावधस के पंजाब अध्यक्ष अमित रंधावा, सेंट्रल वाल्मीकि सभा के जिला अध्यक्ष दीपक भट्टी और वाल्मीकि समाज की ओर से एडवोकेट ज्योति पाल भीम विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने एक सुर में बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर हुई पुलिस बर्बरता की कड़े शब्दों में निंदा की। “निलंबन काफी नहीं, बर्खास्तगी और आपराधिक मामला हो दर्ज” प्रदर्शन को संबोधित करते हुए अमित रंधावा, दीपक भट्टी और एडवोकेट ज्योति पाल भीम ने कहा कि बरनाला में निहत्थे सफाई कर्मचारियों पर लाठीचार्ज अंग्रेजों के जमाने के अत्याचारों की याद दिलाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोषी अधिकारियों को केवल निलंबित करना कोई समाधान नहीं है। वाल्मीकि नेताओं ने मांग की कि जब तक आरोपी पुलिस अधिकारियों को नौकरी से बर्खास्त कर उनके खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज नहीं किया जाता, तब तक पूरा समाज शांत नहीं बैठेगा और बरनाला एसएसपी कार्यालय का घेराव करेगा। बड़ी संख्या में मौजूद रहे वाल्मीकि समाज के प्रतिनिधि प्रदर्शन के दौरान पंजाब जनरल सेक्रेटरी कमल गिल, यूथ प्रेसिडेंट हरीश हैप्पी, यशपाल, भूतो गिल, अनु कुमार, सुनील कुमार, रजत लूथरा, प्रिंस, विक्की गिल, विकास और राकेश बॉबी सहित बड़ी संख्या में समाज के सदस्य व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही न्यायसंगत कार्रवाई नहीं की तो इस राज्यव्यापी आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
Source link

