मोगा में जमीन का खूनी विवाद, एक की जान गई: कसिए से किए कई वार, इलाज के दौरान मौत, पुलिस ने मुख्य आरोपी को किया गिरफ्तार – Moga News
मोगा जिले थाना अजीतवाल के गांव चूहड़चक में पुरानी रंजिश के चलते एक बुजुर्ग की बेरहमी से हत्या करने का खौफनाक मामला सामने आया है। खेत में खाना देने गए बुजुर्ग पर आरोपी ने लोहे की रॉड और कसिए (फावड़े) से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग ने लुधियाना के अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने हत्या की धारा के तहत मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक वारदात 20 जुलाई 2026 की शाम करीब 8:30 बजे घटी। गांव चूहड़चक निवासी गुरमिंदर सिंह अपने पिता हरमेल सिंह और साथी अमरिंदर सिंह के साथ खेत में काम कर रहे मजदूरों को खाना देने गए थे। इसी दौरान पुरानी रंजिश पाल रहा आरोपी विक्रमजीत सिंह उर्फ विक्की मोटरसाइकिल पर वहां पहुंचा और आते ही हरमेल सिंह पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इतने से भी जब उसका मन नहीं भरा, तो उसने खेत में पड़ा लकड़ी के हत्थे वाला कसिया उठाकर हरमेल सिंह के सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हाथापाई के दौरान आरोपी के सिर पर भी चोट लगी, जिसके बाद वह खून से लथपथ कसिया और अपनी मोटरसाइकिल मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। तीन अस्पतालों में जिंदगी की जंग हार गए हरमेल सिंह गंभीर रूप से घायल हरमेल सिंह को परिजन तुरंत सिविल अस्पताल मोगा ले गए, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें कल्याणी अस्पताल (जगराओं) रेफर किया गया। वहां भी स्थिति में सुधार न होने पर उन्हें डीएमसी अस्पताल, लुधियाना में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी विक्रमजीत सिंह उर्फ विक्की को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की आगे की गहन जांच जारी है। BNS की धारा 103(1) (हत्या) के तहत FIR दर्ज, मुख्य आरोपी सलाखों के पीछे मृतक के बेटे गुरमिंदर सिंह की शिकायत के आधार पर थाना अजीतवाल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है: भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 103(1) (हत्या) के तहत FIR नंबर 128 (दिनांक 22 जुलाई 2026) दर्ज की गई। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल टूटी हुई लकड़ी के हत्थे वाला कसिया बरामद कर लिया है।
Source link

