मोगा में नगर निगम कर्मचारियों की हड़ताल जारी: पंजाब सरकार का पुतला फूंककर विरोध जताया, रोष मार्च निकाला; लाठीचार्ज की निंदा की – Moga News
मोगा नगर निगम के कर्मचारियों की हड़ताल गुरुवार को लगातार 16वें दिन भी जारी रही। म्यूनिसिपल इम्प्लाइज फेडरेशन नगर निगम मोगा और सफाई सेवक यूनियन के बैनर तले कर्मचारियों ने शहर में रोष मार्च निकाला। उन्होंने शाम लाल चौक में पंजाब सरकार का पुतला फूंककर विरोध प्रदर्शन किया। सफाई सेवक यूनियन पंजाब के निर्देश पर पूरे प्रदेश में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किए गए। इस दौरान यूनियन नेताओं ने आरोप लगाया कि बरनाला में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मचारियों पर प्रशासन और पंजाब पुलिस ने लाठीचार्ज किया। उन्होंने कई यूनियन नेताओं को हिरासत में लेने की कड़ी निंदा की। कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे यूनियन का कहना है कि यह कार्रवाई लोकतांत्रिक अधिकारों और संविधान की भावना के विपरीत है। सफाई सेवक यूनियन के प्रधान सोमनाथ चोबड़ ने कहा कि कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं की ओर कोई ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द मांगें पूरी नहीं की गईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी। मांगे पूरी न होने तक जारी रहेगा संघर्ष प्रदर्शन में विभिन्न धार्मिक, सामाजिक और कर्मचारी संगठनों ने भी समर्थन दिया। वाल्मीकि सभा मोगा, नौजवान भारत सभा, किरती किसान यूनियन और पंजाब स्टूडेंट यूनियन के प्रतिनिधियों ने भी कर्मचारियों के संघर्ष के साथ एकजुटता जताई। कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक संघर्ष जारी रहेगा। ये लोग रहे मौजूद इस अवसर पर म्यूनिसिपल इम्प्लाइज फेडरेशन के प्रधान जसवीर सिंह गिल, महासचिव विक्की बोहत, चेयरमैन सिकंदर गुल्लू, चीफ सेक्रेटरी नरोत्तम बोहत, कैशियर जोगिंदर भुल्लर, सफाई सेवक यूनियन के महासचिव विश्वनाथ जोनी, चेयरमैन राजिंदर बोहत, चीफ सेक्रेटरी रवि सारवान, वरिष्ठ नेता मदन लाल बोहत, रिटायरमेंट यूनियन के प्रधान हरकृष्ण बोहत, संयुक्त अधिकारी एसोसिएशन के प्रधान रवि चावरिया सहित नगर निगम की विभिन्न यूनियनों के बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।
Source link

