लुधियाना में फल विक्रेता को घेरकर लूटा: हथियार दिखाकर 19,500 रुपए और मोबाइल छीना,जांच में जुटी पुलिस – Ludhiana News
लुधियाना में दिनदहाड़े एक फल विक्रेता से लूट की वारदात सामने आई है। बाइक सवार तीन बदमाशों ने तेजधार हथियार दिखाकर रेहड़ी चालक को घेर लिया और उससे नकदी व मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। पुलिस इलाके में सीसीटीवी खंगाल रही है। थाना मोती नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सिल्वर रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर आए लुटेरे शिकायतकर्ता दलीप कुमार ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह गोल मार्केट में फल-फ्रूट की रेहड़ी लगाता है। 3 दिन पहले वह अपनी रेहड़ी पर फल बेचने जा रहा था। जब वह शिवा डाइंग के पास विश्वनाथ मंदिर के नजदीक पहुंचा तो सिल्वर रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल नंबर PB10HY-2523 पर सवार तीन अज्ञात युवकों ने उसे घेर लिया। पीड़ित के मुताबिक आरोपियों ने तेजधार हथियार की नोक पर उसे डराया-धमकाया और उसकी जेब से 19,500 रुपए की नकदी तथा ओप्पो मोबाइल फोन छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। फिलहाल इस केस में अभी पुलिस के हाथ खाली है। मामले की शिकायत मिलने के बाद थाना मोती नगर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 304 और 3(5) के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।
Source link

