अनंतनाग में पुलिस-आतंकियों के बीच मुठभेड़: दोनों तरफ से फायरिंग, हेड कांस्टेबल गोली लगने से घायल; सेना-पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी
कश्मीर स्थित अनंतनाग जिले के लाल चौक इलाके में बुधवार दोपहर पुलिस की आतंकियों के साथ मुठभेड़ हुई। अधिकारियों के मुताबिक, दोपहर करीब 12:30 बजे आतंकियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कुछ देर तक गोलीबारी हुई। हमले में ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन गंभीर रूप से घायल हो गए। नजदीकी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। अधिकारियों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के तुरंत बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे लाल चौक और आसपास के इलाके की घेराबंदी कर दी। अतिरिक्त सुरक्षा बल मौके पर भेजे गए और आतंकियों की तलाश में बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। इलाके में आने-जाने वाले सभी रास्तों पर नाकेबंदी कर वाहनों और लोगों की गहन जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हमले में कितने आतंकी शामिल थे और फायरिंग के बाद वे किस दिशा में भागे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सुरक्षा बल इलाके में पहले से चल रहे आतंकवाद विरोधी अभियान के दौरान आतंकियों के संपर्क में आए थे। इसके बाद आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। अधिकारियों का मानना है कि हमलावर आसपास के इलाके में छिपे हो सकते हैं।
Source link

