फतेहपुर चूडि़यां में खाया-पीया फिर लाखों की जेवर-नकदी चुराया: बहन से मिलने अमृतसर गया था परिवार, बदमाशों ने आराम से फल खाए-कोल्ड ड्रिंक्स पी – Batala News
फतेहगढ़ चूड़ियां के वार्ड नंबर 3, चित्तौड़गढ़ रोड स्थित एक बंद पड़े घर में दुस्साहसिक चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने सूने घर का फायदा उठाकर अलमारियों के ताले तोड़ डाले और घर में रखी नकदी व सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है और पीड़ित परिवार का लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। घटना का खुलासा उस समय हुआ जब मकान मालिक गुरमीत सिंह अपनी बहन से मिलने के लिए अमृतसर गए हुए थे। इसी दौरान उन्हें पड़ोसियों ने फोन पर सूचना दी कि उनके घर का मुख्य गेट और अंदर के कमरों के दरवाजे खुले पड़े हैं तथा सामान बिखरा हुआ है। सूचना मिलते ही जब गुरमीत सिंह तुरंत घर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि ताले टूटे हुए थे और अलमारियों का सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि अलमारी में रखे 5 से 6 तोले सोने के गहने और 57 हजार रुपये की नकदी गायब थी। चोरों के बुलंद हौसले: चोरी के बाद इत्मीनान से खाए फल और पी कोल्ड ड्रिंक वारदात के तरीके से साफ जाहिर होता है कि चोरों को किसी का डर नहीं था। चोर दीवार फांदकर घर के अंदर दाखिल हुए थे। चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद चोरों ने आराम से सोफे पर बैठकर फल खाए और फ्रिज में रखी कोल्ड ड्रिंक पी। इतना ही नहीं, शातिर चोरों ने केले के छिलके उसी अलमारी की दराज में फेंक दिए, जहां से उन्होंने पैसे चुराए थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच की शुरू घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए। फतेहगढ़ चूड़ियां के एसएचओ सुरिंदरपाल सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार के बयानों के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आरोपियों को जल्द ही पहचान कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Source link

