बटाला भाजपा जिलाध्यक्ष की कार में धमाके की सूचना: इलाके में दहशत का माहौल,पुलिस ने नहीं की अभी तक पुष्टि – Pathankot News
बटाला में भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष हरसिमरन सिंह हीरा वालिया की कार में धमाके की सूचना सामने आई है। बताया जा रहा है कि अर्बन एस्टेट के पास स्थित लेबर कॉलोनी में बीती देर रात अज्ञात हमलावरों ने कार को निशाना बनाया।
सूचना के मुताबिक अज्ञात लोगों ने जिला अध्यक्ष की गाड़ी के टायर में पेट्रोल बम लगा दिया, जिसके बाद एक जोरदार धमाका हुआ। लेकिन, इस घटना में कोई जानी नुकसान की सूचना नहीं है। हालांकि, ये घटना सोमवार रात की बताई जा रही है। लेकिन, इस मामले पर जिलाध्यक्ष ना तो खुद मीडिया के सामने आए और ना ही पुलिस की ओर से कोई पुष्टि की गई है।
पार्टी नेता से मिलने पहुंचे थे वालिया
जानकारी के मुताबिक किसी भाजपा नेता को किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन पर धमकी दी थी। इस सूचना के बाद वह बीती रात अपनी इनोवा कार में सवार होकर उस नेता के घर पहुंचे थे। जब वह घर के भीतर थे, तभी किसी अज्ञात शरारती तत्व ने उनकी कार के पिछले टायर में पेट्रोल बम लगा दिया। कुछ ही देर में एक जोरदार धमाका हुआ।
धमाके की आवाज सुनकर जब वे बाहर आए, तो देखा कि कार का पिछला टायर पूरी तरह फट चुका था। घटना के तुरंत बाद इसकी सूचना थाना सिविल लाइंस की पुलिस को दी गई। प्राप्त जानकारी के मुताबिक पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
Source link

