मोहाली में डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार थार: एक की मौत; दूसरा गंभीर घायल, गाड़ी से मिली संदिग्ध चीजें, नशे की आशंका – Mohali News
मोहाली में तेज रफ्तार महिंद्रा थार अनियंत्रित होकर सड़क के बीच बने डिवाइडर के पिलर से टकरा गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। घायल को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, थार की रफ्तार अधिक थी। शुक्रवार देर रात कुंभड़ा लाइट पॉइंट के पास पहुंचते ही ड्राइवर का वाहन से नियंत्रण खो गया, जिसके बाद गाड़ी सड़क के बीच बने डिवाइडर के पिलर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को गाड़ी से बाहर निकालने का प्रयास किया। थार के अंदर मिलीं संदिग्ध चीजें, नशे की आशंका हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त थार को सड़क से हटाकर कब्जे में ले लिया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में वाहन के अंदर कुछ संदिग्ध वस्तुएं मिलने की बात सामने आई है। इसके आधार पर आशंका जताई जा रही है कि हादसे के समय युवक नशे की हालत में हो सकते थे। हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। घायल युवक की मेडिकल रिपोर्ट और अन्य जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी कि हादसे के समय वह नशे में था या नहीं। युवकों की पहचान में जुटी पुलिस पुलिस ने गाड़ी के नंबर और उसमें मिले दस्तावेजों के आधार पर दोनों युवकों की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस उनके परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है। इसके अलावा हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
Source link

