कपूरथला में 24 घंटे में सुलझा युवक हत्याकांड: पानी के छींटों को लेकर हुए विवाद में 2 नाबालिग समेत 4 आरोपी गिरफ्तार – Kapurthala News
कपूरथला के भुलत्थ सब-डिवीजन के गांव नंगल लुबाना में एक युवक की हत्या का मामला पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। यह हत्या तेज रफ्तार गाड़ी से सड़क के गड्ढे में जमा पानी के छींटे पड़ने को लेकर हुई बहस के बाद की गई थी। पुलिस ने इस मामले में दो नाबालिगों सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसपी-डी हरिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए दो तेजधार हथियार, एक खंडा और ब्रीजा कार भी बरामद कर ली है। शिकायतकर्ता भजन सिंह के अनुसार, 15 जुलाई की रात करीब आठ बजे उनके बेटे गुरमीत सिंह और भतीजे हरप्रीत सिंह अपने घर के बाहर खड़े थे। तभी एक काले रंग की सुजुकी ब्रीजा गाड़ी (नंबर PB09-AS-0441) तेज रफ्तार से गुजरी, जिससे सड़क पर जमा पानी के छींटे गुरमीत के कपड़ों पर पड़े। इस बात को लेकर मामूली बहस हुई। गाड़ी में एक नाबालिग चालक और सतविंदरजीत सिंह उर्फ गौरव निवासी रायपुर पीर बख्शवाला सवार थे। इसी रंजिश के कारण, उसी रात नाबालिग चालक और गौरव अपने साथ दो अन्य लड़कों, जसविंदर निवासी गांव डाला और एक अन्य नाबालिग को लेकर वापस आए। उन्होंने ठेका अड्डा मुंडीमोड के पास गुरमीत को घेर लिया। नाबालिग चालक ने अपने खंडे से, गौरव और दूसरे नाबालिग ने तेजधार हथियारों से, और करण ने ईंट से गुरमीत सिंह पर हमला कर उनकी हत्या कर दी। SP-D बोले- आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज एसपी-डी ने बताया कि मृतक के पिता भजन सिंह के बयान पर थाना बेगोवाल पुलिस ने हत्या और विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। डीएसपी भुलत्थ गगनदीप सिंह और थाना बेगोवाल के एसएचओ दिलबाग सिंह के नेतृत्व में विभिन्न टीमें गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू की गई। छापेमारी के दौरान, थाना बेगोवाल पुलिस ने सतविंदर सिंह उर्फ गौरव, जसविंदर सिंह उर्फ करण और दोनों नाबालिगों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर हत्या का मामला सुलझा लिया। पुलिस ने आरोपियों से हत्या में इस्तेमाल किए गए दो दातर, एक खंडा और ब्रीजा कार बरामद की है।
Source link

