BCCI ने रोहित शर्मा के संन्यास की अटकलें खारिज कीं: कहा- लॉर्ड्स ODI के बाद भी खेलते रहेंगे; चर्चा थी 19 जुलाई का मैच आखिरी होगा
- Hindi News
- Sports
- Rohit Sharma Retirement Rumors | BCCI Official Statement On Lords ODI
स्पोर्ट्स डेस्क11 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने कप्तान रोहित शर्मा के संन्यास को लेकर चल रही अटकलों को खारिज कर दिया है। न्यूज एजेंसी PTI के अनुसार BCCI ने साफ कहा कि रोहित शर्मा इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में होने वाले तीसरे वनडे के बाद भी भारत के लिए खेलना जारी रखेंगे।
BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि ऐसी खबरों में कोई सच्चाई नहीं है। इससे पहले इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि 19 जुलाई को लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ तीसरा वनडे रोहित शर्मा का आखिरी इंटरनेशनल मैच हो सकता है।
रिपोर्ट में कहा गया था कि BCCI की चयन समिति ने रोहित को बता दिया है कि वे 2027 वनडे वर्ल्ड कप की प्लानिंग का हिस्सा नहीं हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, चयनकर्ताओं ने कहा था कि रोहित की जगह यशस्वी जायसवाल जैसे युवा खिलाड़ियों को मौका दिया जाएगा।

रिपोर्ट में यह भी कहा गया था कि संन्यास लेने या चयन के लिए उपलब्ध रहने का फैसला रोहित शर्मा पर छोड़ दिया गया है। साथ ही, इंग्लैंड दौरे पर उनके प्रदर्शन को भी इस चर्चा की एक वजह बताया गया।
पहले दो वनडे में रोहित 11 और 26 रन ही बना सके थे। रिपोर्ट में दावा किया गया था कि फिटनेस पर काम करने के बावजूद वह चयनकर्ताओं के फैसले से संतुष्ट नहीं हैं और उन्होंने दौरे के दौरान BCCI के कुछ अधिकारियों से भी इस मुद्दे पर चर्चा की थी।
भारत को 2 ICC खिताब जिताए
रोहित की कप्तानी में भारत 2023 वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल तक पहुंचा। उन्होंने टीम को पहले गेंद से अटैक करने की स्ट्रैटिजी सिखाई। इससे वनडे क्रिकेट में भारत का नजरिया बदल गया। इसी टेम्पलेट पर भारत ने 2024 टी-20 वर्ल्ड कप भी जीता। फिर 2025 की चैंपियंस ट्रॉफी जीताई।
बतौर कप्तान 103 मैच जीते
रोहित शर्मा भारत के सबसे सफल कप्तानों में शामिल हैं। उन्होंने 2017 से 2025 के बीच तीनों फॉर्मेट मिलाकर 142 मैचों में कप्तानी की। इसमें भारत ने 103 मुकाबले जीते। वनडे में उन्होंने 56 मैचों में 42 जीत, टी-20 इंटरनेशनल में 62 मैचों में 49 जीत और टेस्ट में 24 मैचों में 12 जीत दर्ज की।
उनकी कप्तानी में भारत ने 2024 टी-20 वर्ल्ड कप और 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जीतकर दो ICC खिताब अपने नाम किए। उन्होंने भारत को 2018 और 2023 एशिया कप भी जिताया।

————————————————
क्रिकेट से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए…
रोहित-कोहली में 8 हजार वनडे रन से ज्यादा की साझेदारी; विराट ने विवियन रिचर्ड्स की बराबरी की

इंग्लैंड ने दूसरे वनडे में भारत को 4 विकेट से हरा दिया। कार्डिफ के सोफिया गार्डन्स में कई रिकॉर्ड बने और दिलचस्प घटनाएं भी देखने को मिलीं। विराट ने इंग्लैंड के खिलाफ अपना 14वां 50+ स्कोर बनाकर वेस्टइंडीज के दिग्गज सर विवियन रिचर्ड्स की बराबरी कर ली। पढ़ें पूरी खबर


