ट्रम्प आज चुनावों पर राष्ट्र को संबोधित करेंगे: विदेशी दखल पर बोलेंगे, ईरान और अर्थव्यवस्था का भी जिक्र संभव
वॉशिंगटन डीसी5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प आज राष्ट्र के नाम संबोधन करेंगे। ट्रम्प इस दौरान चुनाव सुरक्षा पर अपनी सरकार का पक्ष रखेंगे। व्हाइट हाउस के अनुसार, वे अमेरिकी चुनावों में विदेशी दखल की कोशिशों पर विस्तार से बोलेंगे। साथ ही ईरान और अमेरिकी अर्थव्यवस्था से जुड़े मुद्दों का भी जिक्र कर सकते हैं।
यह संबोधन ऐसे समय हो रहा है, जब ट्रम्प लंबे समय से 2020 के राष्ट्रपति चुनाव में धांधली का दावा करते रहे हैं। हालांकि, अमेरिकी खुफिया एजेंसियों, राज्यों की ऑडिट रिपोर्ट और अदालतों को अब तक मतदान या वोटों की गिनती में विदेशी छेड़छाड़ का कोई सबूत नहीं मिला है।
अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, रूस, ईरान और चीन ने पिछले कुछ चुनावों के दौरान सोशल मीडिया प्रचार, साइबर गतिविधियों और दुष्प्रचार के जरिए चुनावी माहौल को प्रभावित करने की कोशिश की थी। लेकिन इन प्रयासों का असर वोटिंग या मतगणना पर पड़ने के प्रमाण सामने नहीं आए हैं।
ट्रम्प के इस संबोधन पर इसलिए भी नजर रहेगी क्योंकि हाल के दिनों में उन्होंने चुनावी सुरक्षा, ईरान और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर लगातार आक्रामक रुख अपनाया है।


