अबोहर चुनाव में दो जगह बवाल: जाली वोटिंग को लेकर पथराव, फल व्यापारी पर हमला; महिला समेत 5 लोग घायल – Abohar News
अबोहर के श्रीगंगानगर रोड स्थित न्यू शाक्य नगर में बूथ नंबर 30 पर आज दोपहर बाद जमकर हंगामा हुआ। जाली वोट डालने के विरोध में आम आदमी पार्टी (आप) और अकाली दल के सदस्य आपस में भिड़ गए, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच ईंट-पत्थर चले। इस घटना में एक महिला सहित पांच लोग घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार, दोपहर में जब न्यू शाक्य नगर में मतदान चल रहा था, तो अकाली दल के समर्थकों ने आरोप लगाया कि आप पार्टी के कुछ लोगों ने जबरन जाली वोट डालने का प्रयास किया। जब अकाली कार्यकर्ताओं ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो उन पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया गया। इस हमले में अकाली दल के करमचंद पुत्र दयाराम और संजय कुमार के सिर में चोटें आईं, जबकि बचाव में आई सीमा देवी को भी पीटा गया। विवाद मे दूसरे पक्ष के लोग भी घायल वहीं, इस विवाद में दूसरे पक्ष यानी आप पार्टी के मोहन लाल और अजय कुमार भी घायल हुए हैं। मतदान केंद्र पर लड़ाई-झगड़े की सूचना मिलते ही सिटी टू पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हुड़दंगियों को भगाया और घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती करवाया। अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, करमचंद और संजय कुमार के सिर में ईंटों से गहरी चोटें लगी हैं। करमचंद की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रेफर कर दिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही अकाली दल अबोहर के हल्का इंचार्ज हरबिंदर सिंह हैरी और यूथ हल्का प्रभारी साहिल छाबड़ा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने आप पार्टी के नेताओं पर धक्केशाही और गुंडागर्दी का आरोप लगाया। वार्ड नंबर 45 में फल व्यापारी पर हमला वार्ड नंबर 45 के पोलिंग बूथ के बाहर फल व्यापारी राकेश सेतिया पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया गया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और सिर में गहरी चोट लगने के कारण उसे फरीदकोट रेफर किया गया। राकेश ने आरोप लगाया कि पुरानी रंजिश के चलते करीब एक दर्जन लोगों ने उस पर हमला किया। घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। सूचना मिलते ही थाना नंबर 1 पुलिस मौके पर पहुंची और दो लोगों को हिरासत में लिया। इसके बाद गुस्साए लोगों ने AAP के टेंट में तोड़फोड़ कर दी।
Source link

