संगरूर में सफाई सेवकों का MLA आवास के बाहर प्रदर्शन: निजी कर्मचारियों से कूड़ा उठवाने पर भड़के; पुलिस से झड़प, कई हिरासत में – Sangrur News

संगरूर में सफाई सेवकों का MLA आवास के बाहर प्रदर्शन:  निजी कर्मचारियों से कूड़ा उठवाने पर भड़के; पुलिस से झड़प, कई हिरासत में – Sangrur News




संगरूर में अपनी लंबित मांगों को लेकर लंबे समय से संघर्ष कर रहे सफाई सेवकों का गुस्सा बुधवार को फुट पड़ा। सफाई सेवकों ने एकजुट होकर संगरूर से विधायक नरिंदर कौर भराज के आवास का घेराव किया और पंजाब सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी झड़प हुई, जिसके बाद पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। सफाई सेवकों ने स्थानीय प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी हड़ताल को नाकाम करने के लिए प्रशासन द्वारा बाहर से निजी (प्राइवेट) कर्मचारियों को बुलाकर जबरन शहर का कूड़ा उठवाया जा रहा है। प्रदर्शनकारी सफाई सेवकों ने जब इन निजी कर्मचारियों को काम करने से रोका, तो स्थिति तनावपूर्ण हो गई। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कई सफाई सेवकों को हिरासत में ले लिया। प्रदर्शनकारियों का यह भी संगीन आरोप है कि पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज किया, जिसमें कई महिला सफाई सेवकों को भी चोटें आई हैं। वेतन वृद्धि और पेंशन सहित लंबित मांगों को लेकर रोष सफाई सेवकों ने बताया कि वे अपनी जायज मांगों को लेकर पिछले काफी समय से आंदोलन कर रहे हैं और कई दिनों से लगातार धरने पर बैठे हैं। आंदोलनकारियों की मुख्य मांगों में समय पर वेतन वृद्धि (Salary Hike) और सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन की सुविधा शामिल है। उन्होंने दोटूक शब्दों में चेतावनी दी कि जब तक पंजाब सरकार उनकी इन बुनियादी मांगों को मानकर उन्हें लागू नहीं करती, तब तक वे शहर में सफाई व्यवस्था ठप रखेंगे और कोई कूड़ा नहीं उठाएंगे। विधायक पर वादाखिलाफी और मिलने से कतराने का आरोप प्रदर्शनकारियों ने विधायक नरिंदर कौर भराज को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि चुनाव से पहले और सरकार बनने के समय उन्होंने खुद उनके धरनों में आकर वादा किया था कि सरकार बनते ही उनकी सभी मांगें पूरी की जाएंगी। लेकिन सत्ता में आने के बाद अब वे उनसे मिलने से भी कतरा रही हैं। सफाई सेवकों के अनुसार, विधायक ने केवल 5 सदस्यों के प्रतिनिधिमंडल से बंद कमरे में मिलने की बात कही थी, जबकि प्रदर्शनकारी सभी साथियों के सामने पारदर्शी तरीके से बात करने पर अड़े हुए थे। शहरवासियों की परेशानी पर सफाई सेवकों की सफाई शहर में सफाई व्यवस्था ठप होने और जगह-जगह लग रहे गंदगी के ढेरों से आम जनता को हो रही भारी परेशानी के सवाल पर प्रदर्शनकारियों ने अपनी स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि उनका संगरूर के निवासियों से कोई व्यक्तिगत बैर या विरोध नहीं है। वे भी शहर को साफ रखना चाहते हैं, लेकिन सरकार की बेरुखी और अपनी जायज मांगों के पूरा न होने के कारण वे बेहद परेशान हैं और मजबूरन उन्हें यह कड़ा कदम उठाना पड़ा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *