तरनतारन में अवैध पिस्तौल समेत 2 आरोपी गिरफ्तार: पाकिस्तानी तस्करों के संपर्क में, पंजाब में देते थे सप्लाई; नाबालिग भी शामिल – tarn-taran News
तरनतारन पुलिस ने सीमा पार से हथियारों की तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 8 अवैध पिस्तौल और मैगजीन बरामद की गई। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के संबंध पाकिस्तानी तस्करों से जुड़े होने की बात सामने आई है। मामले की जांच आगे जारी है। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव के नेतृत्व और फिरोजपुर रेंज के डीआईजी स्नेहदीप शर्मा के मार्गदर्शन में एसएसपी तरन तारन सुरेंद्र लांबा ने उपद्रवी तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया था। इसीके तहत सीआईए स्टाफ तरनतारन के इंस्पेक्टर रूपिंदरपाल सिंह के नेतृत्व में गठित टीमों ने हथियार तस्करी पर लगाम लगाने के लिए कार्रवाई की। पाकिस्तानी तस्करों के संपर्क में थे मानवीय और तकनीकी खुफिया जानकारी के आधार पर सीआईए स्टाफ तरनतारन को पता चला कि जसकरण सिंह उर्फ करण (निवासी चुसलवार) और अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श (निवासी चुसलवार) कथित तौर पर पाकिस्तानी तस्करों के संपर्क में थे। ये आरोपी सीमा पार से अवैध हथियार हासिल कर पंजाब के विभिन्न जिलों में उनकी सप्लाई करते थे। अवैध विदेशी पिस्तौल बरामद की गईं कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपियों को बसारके गांव के पास मोटरसाइकिल नंबर PB02 CT-2293 पर सवार होकर जाते समय गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से अवैध विदेशी पिस्तौल बरामद की गईं, जिन्हें वे कथित तौर पर आगे बेचने की तैयारी में थे। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज गिरफ्तारी के दौरान सीआईए स्टाफ तरनतारन की टीम ने विशेष नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की। तलाशी लेने पर आरोपियों के किट बैग से कुल 8 अवैध पिस्तौल और मैगजीन बरामद हुईं। तरन तारन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला संख्या 189, दिनांक 14.07.2026 को शस्त्र अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज कर लिया है। पाकिस्तान के मलिक नामक तस्कर के संपर्क में मोटरसाइकिल नंबर PB02-CT-2293 भी बरामद की गई और आरोपियों से आगे की पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान सामने आया कि आरोपी जसकरण सिंह उर्फ करण और अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श के कथित तौर पर पाकिस्तान के तस्करों से संबंध हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी पाकिस्तान के मलिक नामक तस्कर के संपर्क में थे। नाबालिग साथी भी हथियार तस्करी में शामिल आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने ये हथियार पाकिस्तान से मंगवाए थे और इन्हें आगे विभिन्न लोगों तक पहुंचाना था। पुलिस के अनुसार, उनका एक अन्य नाबालिग साथी भी हथियार तस्करी में शामिल है। तरनतारन पुलिस ने नाबालिग आरोपी को हिरासत में लेकर किशोर न्यायालय में पेश किया, जहां से अदालत के आदेश पर उसे निरोध गृह भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है वहीं, गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों को भी अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पूछताछ के दौरान आगे और बड़े खुलासे होने की संभावना है।
Source link

