एसआईआर को 10 दिन शेष, शहर में अभी तक सिर्फ 65 फीसदी काम पूरा – Jalandhar News
.
पंजाब में एसआईआर के तहत बीएलओ की तरफ से घर-घर गणना फार्म दिया जा रहा है। हालांकि जालंधर जिले में गणना फार्म बांटने का काम पूरा हो चुका है और अब डिजिटलाइजेशन का काम शुरू हो चुका है। एसआईआर को करीब 10 दिन रह गए है, लेकिन जालंधर में अभी तक 65 फीसदी काम पूरा हो पाया है। इसमें आम पब्लिक अपनी जिम्मेदारी नहीं समझ रही है। जालंधर शहर के मुकाबले देहात में गणना फार्म बीएलओ को जमा करवाने से लेकर डिजिटलाइजेशन का काम काफी बेहतर है, लेकिन शहर में लोग अपनी इस जिम्मेदारी को पूरी तरह से नहीं निभा रहे है। इलेक्शन कमिशन के निर्देशों पर एसआईआर का स्पेशल कैंप भी लगवाए जा रहे है।
जिले के सभी वोटर अगर गणना फार्म भरने के बाद उसे बीएलओ को देंगे तभी ड्राफ्ट वोटर सूची में लोगों का नाम शुरू होगा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार एसआईआर के तहत जलंधर में 25 जून से घर-घर सर्वे चल रहा है, इसके तहत बीएलओ 24 जुलाई 2026 तक गणना (एनुमरेशन) फॉर्म बांटने के लिए घर-घर जाएंगे। एसआईआर के तहत जिले के प्रत्येक वोटर को बीएलओ द्वारा दिए जाने वाले गणना फॉर्म को भरना अनिवार्य है।
जिन वोटरों के गणना फॉर्म भरे जाएंगे, उनके नाम 3 अगस्त 2026 को प्रकाशित होने वाली ड्राफ्ट वोटर सूची में दर्ज किए जाएंगे। 3 अगस्त 2026 से 2 सितंबर 2026 तक ड्राफ्ट वोटर सूची पर दावे और आपत्तियां दायर की जा सकेंगी। नोटिस चरण/दावों और आपत्तियों का निपटारा 3 अगस्त 2026 से 28 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद 1 अक्तूबर 2026 को अंतिम वोटर सूची का अंतिम प्रकाशन होगा। जिले के सभी 9 विधानसभा क्षेत्रों में प्रत्येक इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन अधिकारी के साथ 2 सहायक चुनाव रजिस्ट्रेशन अधिकारी और 5-5 अतिरिक्त सहायक चुनाव रजिस्ट्रेशन अधिकारी भी लगाए गए हैं। इसके अलावा जिले में 1926 बीएलओ, 189 सुपरवाइजर और अन्य चुनाव अमला तैनात किया गया है, जिन्हें जरूरी ट्रेनिंग उपलब्ध करवाई गई है।
स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन के बारे में किसी भी प्रकार की जानकारी प्राप्त करने के लिए नागरिक चुनाव आयोग के टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते है, जो सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक बिना किसी छुट्टी के चालू रहेगा। गौर है कि जिले में कुल 16,49,946 वोटर हैं, जिनमें 8,49,320 पुरुष, 8,00,571 महिला और 55 ट्रांसजेंडर वोटर शामिल हैं

