फिरोजपुर में नशे के ओवरडोज से युवक की मौत: घर में मिला शव, माता और पिता की पहले ही हो चुकी थी मौत, अकेले रहता था – Fazilka News
फिरोजपुर के गुरुहरसहाय के आदर्श नगर इलाके में एक मकान के अंदर से 27 वर्षीय नौजवान का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, मृतक इस मकान में बिल्कुल अकेला रहता था। पुलिस ने बताया कि मृतक के पारिवारिक सदस्यों को घटना की सूचना दे दी गई है। परिजनों के मौके पर पहुंचने के बाद उनके बयानों के आधार पर ही नियमों के अनुसार अगली बनती कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू को ध्यान में रखकर तफ्तीश कर रही है। घर में अकेले रहता था युवक, बहन कहीं और रहती थी थाना गुरुहरसहाय के सब इंस्पेक्टर दविंदर सिंह गरचा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को आदर्श नगर के एक घर में युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। मृतक की पहचान रघु (27 वर्ष) के रूप में हुई है। रघु के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है, जबकि उसकी एक बहन है जो कहीं और रहती है। पुलिस अधिकारी के अनुसार, मृतक रघु नशे का आदी था। माता-पिता की मौत के बाद वह घर में लावारिस हालत में अकेले रहकर ही अपना गुजारा कर रहा था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि अत्यधिक मात्रा में नशे का सेवन (ओवरडोज) करने के कारण ही उसकी मौत हुई है।
Source link

