पटियाला में हथियार तस्करी गिरोह का पर्दाफाश: डिलीवरी बॉय बन करते थे सप्लाई, 4 आरोपी गिरफ्तार; 15 पिस्तौल बरामद – Patiala News

पटियाला में हथियार तस्करी गिरोह का पर्दाफाश:  डिलीवरी बॉय बन करते थे सप्लाई, 4 आरोपी गिरफ्तार; 15 पिस्तौल बरामद – Patiala News




पटियाला पुलिस ने एक अंतरराज्यीय हथियार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 15 पिस्तौल और 30 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी डिलीवरी बॉय की वर्दी पहनकर अवैध हथियारों की सप्लाई करते थे। पटियाला के एसएसपी वरुण शर्मा ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग डिलीवरी कंपनी के कर्मचारी बनकर विभिन्न इलाकों में अवैध हथियार पहुंचा रहे हैं। इस सूचना के आधार पर पुलिस की विभिन्न टीमों ने संयुक्त अभियान चलाकर चारों आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल (निवासी गांव गढ़दीवाला), सुभाष (निवासी शीशगढ़, उत्तर प्रदेश), जिंदर (निवासी गांव टल्ला, जिला होशियारपुर) और बादल (निवासी भार्गव कैंप, जालंधर) के रूप में हुई है। पुलिस का दावा है कि बादल इस गिरोह का सरगना है। SSP ने दी मामले की जानकारी एसएसपी ने आगे बताया कि आरोपी पहले एक डिलीवरी कंपनी में काम कर चुके थे। उन्होंने इसी अनुभव का लाभ उठाते हुए डिलीवरी बॉय जैसी वर्दियां तैयार करवाईं और उनका इस्तेमाल हथियारों की तस्करी के लिए किया। डिलीवरी बॉय के भेष में होने के कारण वे पुलिस नाकों पर आसानी से जांच से बच निकलते थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी कम समय में अधिक पैसा कमाने की लालसा में इस अवैध धंधे से जुड़े थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद हथियार कहां से लाए गए थे और इन्हें किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। एसएसपी वरुण शर्मा ने कहा कि गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान की जा रही है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे जल्द पैसा कमाने के लालच में अपराध का रास्ता न अपनाएं, क्योंकि इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *