बटाला में तेज रफ्तार कार की टक्कर से मौत: अमृतसर रोड पर डिवाइडर पर लगे बिजली के पोल से टकराई, फिर साइकिल सवार को चपेट में लिया – Batala News
गुरदासपुर के बटाला में अमृतसर रोड पर डीलक्स पुली के पास एक भीषण सड़क हादसे में एक साइकिल सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार कार पहले सड़क के डिवाइडर पर लगे बिजली के खंभे से टकराई और फिर साइकिल सवार को अपनी चपेट में ले लिया। पुलिस ने आरोपी कार चालक को हिरासत में ले लिया है। हादसे के समय मौके पर मौजूद एक बैंक के सुरक्षा गार्ड भूपिंदर सिंह ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि एक कार अमृतसर रोड की तरफ से आ रही थी। जैसे ही कार डीलक्स पुली के पास पहुँची, चालक ने अचानक वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। कार पहले डिवाइडर पर लगे स्ट्रीट लाइट के पोल से बेहद जोर से टकराई। पोल को टक्कर मारने के बाद कार अनियंत्रित होकर सीधे साइकिल सवार से जा भिड़ी। मजदूरी कर घर लौट रहा था मृतक, पहचान की कोशिशें जारी मौके पर ही तड़पकर मौत टक्कर इतनी भयानक थी कि साइकिल सवार की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक एक गरीब मजदूर था, जो दिनभर मजदूरी करने के बाद अपने घर लौट रहा था। पुलिस को मृतक के पास से ऐसा कोई दस्तावेज नहीं मिला है, जिससे उसकी शिनाख्त हो सके। फिलहाल पुलिस आसपास के इलाकों में उसकी पहचान स्थापित करने का प्रयास कर रही है। कार चालक हिरासत में, पुलिस कर रही जाँच घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। मामले की जाँच कर रहे पुलिस अधिकारी परगट सिंह ने बताया कि आरोपी कार चालक को हिरासत में ले लिया गया है और कार को भी कब्जे में ले लिया गया है। मृतक के शव को सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है और उसकी पहचान होते ही परिजनों को सूचित कर पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
Source link

