PM के जालंधर दौरे से पहले लिखे खालिस्तानी नारे: फिरोजपुर स्टेशन का वीडियो आया सामने, ट्रेन पर नारे लिख किया खालड़ा का समर्थन – Jalandhar News
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंजाब स्थित जालंधर दौरे से ठीक पहले सुरक्षा एजेंसियों के बीच हलचल मच गई है। प्रतिबंधित अलगाववादी संगठन सिख्स फॉर जस्टिस (SFJ) ने फिरोजपुर कैंट रेलवे स्टेशन का वीडियो जारी किया है।
इस वीडियो में दिल्ली जाने वाली एक ट्रेन के डिब्बों पर खालिस्तान जिंदाबाद और मोदी मुर्दाबाद जैसे विवादित नारे लिखे हुए दिखाई दे रहे हैं।
इस घटना के सामने आने के बाद रेलवे पुलिस और स्थानीय प्रशासन तुरंत हरकत में आ गए हैं। FSJ के आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने इस घटना का फुटेज साझा करते हुए पंजाब में माहौल खराब करने का प्रयास किया है।
उसने शहीद जसवंत सिंह खालरा की विरासत का उल्लेख करते हुए कथित एनकाउंटर मामलों को उठाया और 17 जुलाई के लिए किल मोदी पॉलिटिक्स जैसा भड़काऊ आह्वान किया।
पन्नू ने अपने बयान में आरोप लगाया कि राज्य के किसान आर्थिक संकट तथा मजबूरी के कारण आत्महत्या कर रहे हैं, इसलिए पंजाब की जनता को इस राजनीति का विरोध करना चाहिए।
एजेंसियों-पुलिस ने जांच शुरू की, सीसीटीवी खंगाल रहे प्रधानमंत्री के महत्वपूर्ण दौरे को देखते हुए सीमावर्ती जिले फिरोजपुर में ट्रेन पर इस तरह के नारे लिखा जाना सुरक्षा में गंभीर चूक माना जा रहा है। खुफिया एजेंसियों ने रेलवे स्टेशन के आसपास सुरक्षा व्यवस्था तेज कर दी है और परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस उन संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है जिन्होंने रात के अंधेरे में ट्रेन पर यह पेंटिंग की थी। फिलहाल पूरे क्षेत्र में चौकसी सख्त कर दी गई है और हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।
Source link

