मोगा के कोटईसेखां के खेतों में मिला युवक का शव: नशे से मौत होने का दावा करता वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, जांच में जुटी पुलिस – Moga News
मोगा जिले के कोटईसेखां कस्बे से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ मसीतां रोड पर स्थित खेतों से एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ है, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। शव मिलने की सूचना के बाद स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की गहनता से तफ्तीश शुरू कर दी है। इसमें एक वायरल वीडियो में नशे से मौत होने की बात कही जा रही है। इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में एक बार फिर नशे के गंभीर मुद्दे को लेकर चर्चाएं और चिंताएं तेज हो गई हैं। वहीं, पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि जब तक आधिकारिक जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक किसी भी अफवाह या बिना पुष्टि वाले निष्कर्ष पर न पहुंचें। इस घटनाक्रम के बीच, घटनास्थल से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर बहुत तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने मामले को और पेचीदा बना दिया है। वायरल वीडियो में एक अज्ञात व्यक्ति यह दावा करता हुआ दिखाई दे रहा है कि युवक की मौत नशे का इंजेक्शन (टीका) लगाने के कारण हुई है। वीडियो में युवक की बाजू से खून निकलता हुआ भी दिखाया जा रहा है। हालांकि, पुलिस प्रशासन ने इस वायरल वीडियो में किए जा रहे दावों की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। डीएसपी धर्मकोट पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंचे खेतों में शव होने और वीडियो वायरल होने की भनक लगते ही डीएसपी धर्मकोट सुखविंदर सिंह बराड़ भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोगा के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही साफ होगी स्थिति: डीएसपी डीएसपी सुखविंदर सिंह बराड़ ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने घटना के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि युवक की मौत के असली कारणों का पता पोस्टमार्टम की विस्तृत रिपोर्ट और वैज्ञानिक (फॉरेंसिक) जांच के आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर हर एंगल से जांच को आगे बढ़ा रही है।
Source link

