तरनतारन में अवैध नशा मुक्ति केंद्र पर छापा: 52 युवक रेस्क्यू; टॉर्चर और 20 हजार रुपए वसूली के भी आरोप – tarn-taran News
तरनतारन में प्रशासन ने एक अवैध नशा मुक्ति केंद्र का भंडाफोड़ करते हुए वहां से 52 नशे के आदी युवाओं को रेस्क्यू किया है। यह गैर-कानूनी केंद्र शहर की रोही कंडे स्थित होली सिटी रेजिडेंशियल कॉलोनी में एक मकान में संचालित किया जा रहा था। कार्रवाई के बाद सभी युवाओं को सुरक्षित रूप से गांव थारू स्थित सरकारी पुनर्वास केंद्र में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, डिप्टी कमिश्नर राहुल को इस केंद्र के संबंध में शिकायत मिली थी। शिकायत के आधार पर तहसीलदार अर्चना शर्मा, जिला मेडिकल कमिश्नर डॉ. रूपम चौधरी और सिटी थाना तरनतारन पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की तो वहां की स्थिति देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। सिविल सर्जन डॉ. संदीप धवन ने बताया कि केंद्र में युवाओं को बेहद खराब और अमानवीय परिस्थितियों में रखा गया था। सोने, खाने-पीने और हवा आने-जाने की उचित व्यवस्था नहीं थी। मरीजों को गंदे बिस्तरों पर रहने के लिए मजबूर किया जा रहा था। और बिना किसी विशेषज्ञ डॉक्टर की निगरानी के उनका इलाज किया जा रहा था। आरोप है कि युवाओं को शारीरिक यातनाएं भी दी जाती थीं और प्रत्येक मरीज से हर महीने करीब 20 हजार रुपए वसूले जाते थे। पीड़ित बोले- केंद्र संचालक उनके साथ बुरा व्यवहार करता था रेस्क्यू किए गए कुछ युवाओं ने बताया कि केंद्र संचालक उनके साथ बुरा व्यवहार करता था और उन्हें जानवरों से भी बदतर माहौल में रखा जाता था। उन्होंने कहा कि उनके परिवार इलाज के लिए भारी रकम खर्च कर रहे थे, लेकिन उन्हें उचित चिकित्सा सुविधा नहीं मिल रही थी। छापेमारी के दौरान टीम ने कुछ दवाइयां और अन्य सामान भी जब्त किया है। हालांकि, केंद्र के संचालक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने उनके खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link

