पंजाब में 99.34% घरों तक पहुंचे गणना फॉर्म: 16 दिन में एक करोड़ फॉर्म भरे; 11-12 जुलाई को पोलिंग बूथों पर लगेंगे कैंप – Chandigarh News
पंजाब में मतदाता सूची के एसआईआर अभियान के तहत बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। 25 जून से शुरू हुए अभियान के केवल 16 दिनों के भीतर राज्य में एक करोड़ से अधिक गणना (एन्यूमरेशन) फॉर्म डिजिटाइज कर दिए गए हैं। वहीं, राज्य के 99.34 फीसदी घरों तक गणना फॉर्म पहुंचाए जा चुके हैं। इससे लगभग सभी पात्र मतदाताओं तक अभियान की पहुंच सुनिश्चित हो गई है। पंजाब की मुख्य चुनाव अधिकारी (सीईओ) अनिंदिता मित्रा ने बताया कि मतदाता सूची को सटीक बनाए रखने के लिए गणना फॉर्म एकत्र करना और उनका डिजिटाइजेशन बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ), सुपरवाइजरों, सहायक चुनाव पंजीकरण अधिकारियों (एईआरओ) और चुनाव पंजीकरण अधिकारियों (ईआरओ) की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से यह काम तय समय पर तेजी से पूरा हो रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य के सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों और 24,453 पोलिंग स्टेशनों पर गणना फॉर्म वितरित करने, उन्हें वापस एकत्र करने और डिजिटाइज करने का कार्य लगातार जारी है। 11 और 12 जुलाई को लगेंगे विशेष कैंप सीईओ ने बताया कि अभियान को और तेज करने तथा अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए 11 और 12 जुलाई को पंजाब के सभी पोलिंग स्टेशनों पर सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इन कैंपों में बचे हुए गणना फॉर्म भरे जाएंगे, उन्हें एकत्र कर डिजिटाइज किया जाएगा। साथ ही मतदाता सूची में त्रुटियों को दूर करने और मतदाताओं के विवरण को अपडेट करने में भी सहायता दी जाएगी। 2.14 करोड़ मतदाताओं तक पहुंचने का लक्ष्य मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि 25 जून से 24 जुलाई तक राज्य के 24,453 बीएलओ घर-घर जाकर 2 करोड़ 14 लाख 61 हजार 43 मतदाताओं तक पहुंच रहे हैं। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र मतदाता का सही और अद्यतन रिकॉर्ड तैयार करना है। उन्होंने बताया कि 24 जुलाई तक पोलिंग स्टेशनों के पुनर्गठन का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद 3 अगस्त को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित किया जाएगा। 3 अगस्त से 2 सितंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी, जबकि उनका निपटारा 28 सितंबर तक किया जाएगा। इसके बाद 1 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। लोगों से की भागीदारी की अपील सीईओ अनिंदिता मित्रा ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की कि वे विशेष कैंपों में पहुंचकर अपने वोट से जुड़ी जानकारी की जांच करें और यदि कोई त्रुटि हो तो उसे समय रहते ठीक कराएं। उन्होंने कहा कि सही और अद्यतन मतदाता सूची ही स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव की मजबूत आधारशिला होती है।
Source link

