पंजाब के 15 जिलों में बारिश की चेतावनी: 3 में भारी बरसात का अलर्ट; 12 जुलाई के बाद कमजोर पड़ेगा मानसून, उमस बढ़ेगी – Mohali News
चंडीगढ़ और पंजाब के 15 जिलों में आज (11 जुलाई) बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने हिमाचल से सटे पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। गुरदासपुर, नवांशहर, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला, मोहाली, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, बरनाला और संगरूर में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पंजाब के औसत अधिकतम तापमान में 0.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है, लेकिन यह अभी भी सामान्य के आसपास बना हुआ है। राज्य का सबसे अधिक तापमान बठिंडा में 39.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शुक्रवार सुबह 6 बजे से शाम 5:30 बजे तक चंडीगढ़, बठिंडा, फाजिल्का, होशियारपुर और पठानकोट समेत कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा 25.5 मिमी बारिश फाजिल्का में हुई। इसके अलावा बठिंडा में 3.0 मिमी और चंडीगढ़ शहर में 1.7 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। बारिश से बिजली की मांग घटी राज्य में शुक्रवार को बिजली की मांग 13,981 मेगावाट रही, जबकि राज्य को 9,858 मेगावाट बिजली आवंटित थी। इसके मुकाबले पंजाब ने 9,643 मेगावाट बिजली केंद्र से ली, यानी तय आवंटन से 185 मेगावाट कम बिजली की खपत हुई। जबकि खुद 4,420 मेगावाट बिजली बनाई गई। 12 जुलाई के बाद बारिश कम होगी मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ के निदेशक सुरेंद्र पाल के मुताबिक, 11 और 12 जुलाई को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके बाद बारिश की गतिविधियां फिर कम हो जाएंगी और केवल छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। वहीं 10 से 13 जुलाई के बीच राज्य के कुछ इलाकों में भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है। मानसून कमजोर पड़ने से उमस बढ़ेगी मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में बारिश का दौर अब कमजोर पड़ने की संभावना है। निम्न दबाव क्षेत्र के कमजोर होने और मानसून ट्रफ के हिमालय की तराई की ओर खिसकने से 11 जुलाई से राज्य में बारिश की गतिविधियां कम हो जाएगी। अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन व्यापक या भारी बारिश की संभावना फिलहाल कम है। बारिश में कमी आने के साथ राज्य में तापमान और उमस बढ़ सकती है।
Source link

