अबोहर में पत्नी की पिटाई का वीडियो वायरल: सास भी बालों से घसीटा, पुलिस ने आरोपी पति को पकड़ा, उसने लिखित में माफी मांगी – Abohar News
अबोहर में सोशल मीडिया पर अपनी पत्नी को बेरहमी से पीटने का वीडियो वायरल हो रहा है। वायरल होने के बाद पुलिस ने अजीमगढ़ निवासी आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पुलिस के सामने अपनी गलती स्वीकार करते हुए लिखित में माफी मांगी है और भविष्य में दोबारा ऐसी हरकत न करने का आश्वासन दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था बेरहमी का वीडियो यह पूरी घटना कल उस समय चर्चा में आई जब सोशल मीडिया पर एक दिल दहला देने वाला वीडियो वायरल हुआ। वीडियो में अजीमगढ़ का रहने वाला प्रेम कुमार अपनी पत्नी रोहिणी की बेरहमी से पिटाई करता नजर आ रहा था। हद तो तब हो गई जब आरोपी की मां भी इस हैवानियत में शामिल हो गई और वह रोहिणी को बालों से घसीटती हुई दिखाई दी। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और नेटिजन्स में भारी आक्रोश फैल गया और सभी ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस की छापेमारी और आरोपी की गिरफ्तारी मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना नंबर एक के प्रभारी रविंद्र सिंह भीटी ने तुरंत एक्शन लिया। उन्होंने बताया कि पीड़िता के मायके वालों (ससुराल पक्ष) ने थाने में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। थाना प्रभारी रविंद्र सिंह भीटी ने बताया कि शिकायत मिलने के तुरंत बाद पुलिस ने आरोपी के घर पर छापेमारी की, लेकिन वह मौके से फरार हो गया था। हालांकि, पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए देर रात आरोपी को ढूंढ निकाला और उसे हिरासत में लेकर थाने ले आई। ‘BP बढ़ गया था इसलिए पीटा’ — आरोपी की अजीब दलील पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी प्रेम कुमार ने लिखित में अपनी गलती स्वीकार की और माफीनामा दिया। उसने कहा कि कल सुबह उसकी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसी दौरान अचानक उसका रक्तचाप (ब्लड प्रेशर) बढ़ गया, जिसके कारण उसने आपा खो दिया और पत्नी के साथ मारपीट कर बैठा। आरोपी ने पुलिस को लिखित आश्वासन दिया है कि वह भविष्य में कभी ऐसी गलती नहीं दोहराएगा और अपनी पत्नी व बच्चों को पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने साथ रखेगा। पुलिस की सख्त चेतावनी थाना प्रभारी रविंद्र सिंह भीटी ने बताया कि पूछताछ और जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि युवक का मानसिक संतुलन थोड़ा ठीक नहीं है। हालांकि, पुलिस ने आरोपी को सख्त हिदायत देकर छोड़ा है। थाना प्रभारी ने साफ चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में आरोपी के खिलाफ पत्नी को परेशान करने या मारपीट करने की कोई भी शिकायत दोबारा आती है, तो उसके खिलाफ बिना किसी ढील के सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
Source link

