जालंधर में CM मान के लगे विवादित पोस्टर: लिखा- पंथ का गद्दार, दुकानदार बोले- दिन में लगाता कोई तो वहीं रोक देते – Jalandhar News
जालंधर में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के खिलाफ विवादित पोस्टर लगाए जाने का मामला सामने आया है। पोस्टरों में मुख्यमंत्री को ‘पंथ का गद्दार’ लिखा गया है। आज सुबह जब स्थानीय दुकानदार शॉप खोलने पहुंचे तो उन्होंने दीवारों पर ये पोस्टर चिपके हुए देखे। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह घटना जालंधर के व्यस्त लाडोवाली रोड इलाके की है। स्थानीय लोगों और दुकानदारों के अनुसार, शरारती तत्वों ने रात के समय दीवारों पर ये पोस्टर लगाए, ताकि कोई उन्हें देख न सके। सुबह जब दुकानदार अपनी दुकानें खोलने पहुंचे तो उन्होंने दुकानों के बाहर और आसपास की दीवारों पर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा वाले पोस्टर लगे हुए देखे। चश्मदीदों और दुकानदारों का क्या है कहना? एक स्थानीय दुकानदार ने बताया कि सुबह जब हम दुकान खोलने पहुंचे तो बाहर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के खिलाफ पोस्टर लगे हुए थे। यह काम किसी ने रात के अंधेरे में किया है। अगर दिन के समय कोई पोस्टर लगा रहा होता, तो हम उसे जरूर रोकते। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं है कि पोस्टर किसने और कब लगाए। उनका कहना है कि रात के समय बाजार बंद होने का फायदा उठाकर शरारती तत्वों ने इस घटना को अंजाम दिया। पुलिस में अभी तक शिकायत नहीं घटना के बाद भी स्थानीय लोगों या दुकानदारों की ओर से अब तक पुलिस में कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। हालांकि, मुख्यमंत्री से जुड़ा मामला होने के कारण यह घटना सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर तेजी से चर्चा का विषय बन गई है।
Source link

