बोले- आरओबी बना तो छिन जाएगी 400 से 500 दुकानदारों की रोटी – Jalandhar News
भास्कर न्यूज | जालंधर ज्वाइंट एक्शन कमेटी के सदस्यों ने जालंधर छावनी रेलवे स्टेशन पर केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू से मुलाकात की। इस दौरान कमेटी ने गुरु नानक पुरा (बी-67ए) रेलवे फाटक पर बनने वाले रेलवे ओवर ब्रिज का कड़ा विरोध जताया। उन्होंने मांग की कि इस जगह पर आरओबी की बजाय अंडरपाथ बनाया जाए। प्रतिनिधिमंडल ने रेल मंत्री को अवगत कराया कि यदि यहां रेलवे ओवरब्रिज बनाया गया, तो क्षेत्र के 400 से 500 दुकानदारों का कारोबार पूरी तरह ठप हो जाएगा और उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा। इसके अलावा, इस आरओबी का करीब 4 से 5 हजार स्थानीय निवासियों को भी कोई लाभ नहीं मिलेगा, क्योंकि उन्हें ओवरब्रिज पर चढ़ने के लिए करीब पौना किलोमीटर पीछे जाना पड़ेगा। केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कमेटी को आश्वासन दिया कि यदि 65-70 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस ओवरब्रिज से जनता खुश नहीं है, तो इस पर निश्चित रूप से पुनर्विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार जनहित के लिए वचनबद्ध है। अगर किसी कार्य से जनता को राहत की जगह आहत पहुंच रही है, तो उसे बदला जा सकता है। उन्होंने जल्द ही रेलवे टीम के साथ इलाके का दौरा कर संतोषजनक हल निकालने का भरोसा दिया। इस मौके पर देव शर्मा, एडवोकेट जयपाल शर्मा, नरेंद्र बब्बू, ललित मेहता, संजीव हांडा, कुलदीप सिंह, पुनीत कक्कड़, वरुण शर्मा, विवेक शर्मा और रमेश महेंद्रू उपस्थित थे।
Source link

