पंजाब-चंडीगढ़ में 48 घंटे भारी बारिश की चेतावनी: मोहाली-जालंधर समेत 9 जिलों में यलो अलर्ट; फरीदकोट में सबसे ज्यादा 42.4 तापमान दर्ज – Punjab News
पंजाब में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान कई हिस्सों में अच्छी बारिश हुई है। आज और कल भी मानसून सक्रिय रहने की संभावना है। इसके चलते ट्राईसिटी समेत पंजाब के 21 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट है। इनमें 9 जिलों गुरदासपुर, पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर, मोहाली, पटियाला, संगरूर, जालंधर और लुधियाना में भारी बारिश होने की संभावना है। इन क्षेत्रों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान सरदूलगढ़, बुढ़लाडा, लहरा, मानसा, सुनाम, संगरूर, बरनाला, तपा, धूरी, मालेरकोटला, मूनक, पातड़ां, समाना, पटियाला, नाभा, राजपुरा, डेराबस्सी, फतेहगढ़ साहिब, अमलोह, मोहाली, तलवंडी साबो, बठिंडा, रामपुरा फूल, जैतो, बस्सी पठाना, खन्ना, पायल, चंडीगढ़, खरड़, खमाणों, लुधियाना (पूर्वी), चमकौर साहिब, समराला, रूपनगर, बाघा पुराना, मोगा, निहाल सिंह वाला, रायकोट, जगराओं, लुधियाना (पश्चिमी), बलाचौर, नवांशहर, आनंदपुर साहिब और नंगल में हल्की बारिश की संभावना है। मंगलवार को राज्य के अधिकतम तापमान में 1.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। राज्य में सबसे अधिक तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस फरीदकोट में दर्ज किया गया। मौसम विभाग का ताजा अपेडट… बिजली की मांग 15 हजार मेगावाट गर्मी अधिक होने की वजह से मंगलवार को बिजली की मांग 15,003 मेगावाट दर्ज की गई। इस दौरान राज्य का अपना बिजली उत्पादन 4,673 मेगावाट रहा, जबकि केंद्रीय पूल से 10,578 मेगावाट बिजली निर्धारित कराई गई। वहीं, ग्रिड की फ्रीक्वेंसी 50.05 हर्ट्ज दर्ज की गई। बांधों में जलस्तर बढ़ा भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) के मुताबिक 7 जुलाई को भाखड़ा बांध का जलस्तर 1,567.02 फीट दर्ज किया गया। बांध में 38,018 क्यूसेक पानी आया, जबकि 23,229 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। वहीं, पौंग बांध का जलस्तर 1,318.71 फीट रहा। इसमें 17,875 क्यूसेक पानी की आवक दर्ज हुई, जबकि 15,500 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। सारे हिस्सों में पहुंच जाएगा मानसून मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल के मुताबिक अगले 2 से 3 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के पंजाब के बाकी हिस्सों में भी पूरी तरह फैलने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। अब केवल दो जिले ही शेष हैं। मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है और इसके असर से राज्य के अधिकांश इलाकों में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। इसके चलते लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलेगी। साथ ही, एक पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है, जिससे मानसून को मजबूती मिलेगी और अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर बना रह सकता है।
Source link

