जगराओं में जिम के बाहर युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग: ऑल्टो से आए हमलावरों ने बाहर निकलते ही बरसाईं गोलियां, झुककर बचाई जान – Jagraon News

जगराओं में जिम के बाहर युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग:  ऑल्टो से आए हमलावरों ने बाहर निकलते ही बरसाईं गोलियां, झुककर बचाई जान – Jagraon News




लुधियाना जिले के जगराओं अंतर्गत आते गांव माणूंके में देर शाम जिम के बाहर एक युवक पर जानलेवा फायरिंग किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना में हठूर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एक आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। शिकायतकर्ता गगनदीप सिंह उर्फ अंबी ने पुलिस को दिए अपने बयानों में बताया कि वह 6 जुलाई 2026 की शाम करीब 7:45 बजे रोज की तरह गांव के जिम में वर्कआउट करने के बाद बाहर निकला था। इसी दौरान उसी के गांव का रहने वाला प्रगट सिंह उर्फ घोगा अपनी ऑल्टो कार में सवार होकर वहां पहुंचा और कार की खिड़की से पिस्तौल तानकर गगनदीप पर सीधे दो फायर झोंक दिए। गोलियों की आवाज सुनते ही गगनदीप ने सूझबूझ दिखाई और तुरंत नीचे की तरफ झुक गया, जिसके कारण गोलियां उसके ऊपर से निकलकर पास की एक दीवार में जा धंसी और उसकी जान बाल-बाल बच गई। हमले के बाद खेतों की तरफ भागा आरोपी, दोस्त के विवाद से जुड़ी रंजिश अचानक हुए जानलेवा हमले के बाद भयभीत गगनदीप जान बचाने के लिए वापस दौड़कर जिम के अंदर घुस गया। वहां मौजूद लोगों को घटना की जानकारी दी। कुछ देर बाद जब स्थिति शांत हुई और वह जिम से बाहर आया, तो आरोपी प्रगट सिंह अपनी ऑल्टो कार को तेज रफ्तार में भगाते हुए पास के खेतों के रास्ते से फरार हो चुका था। शिकायतकर्ता गगनदीप सिंह ने पुलिस को स्पष्ट किया कि उसकी निजी तौर पर आरोपी प्रगट सिंह से कोई सीधी दुश्मनी या मनमुटाव नहीं है। हालांकि, उसके एक करीबी दोस्त जतिंदरपाल सिंह का कुछ समय पहले आरोपी प्रगट सिंह के साथ किसी बात को लेकर तीखा विवाद हुआ था। गगनदीप का आरोप है कि वह जतिंदरपाल का दोस्त है, इसी पुरानी रंजिश और खुन्नस के चलते आरोपी ने उसे सबक सिखाने और जान से मारने की नीयत से निशाना बनाकर यह फायरिंग की है। हठूर पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई इस दुस्साहसिक वारदात की सूचना मिलने के बाद थाना हठूर की पुलिस टीम ने तुरंत मौके का मुआयना किया और घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने गगनदीप सिंह उर्फ अंबी की शिकायत को आधार बनाते हुए आरोपी प्रगट सिंह उर्फ घोगा के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए हैं। पुलिस प्रशासन द्वारा 7 जुलाई 2026 को एफआईआर नंबर 114 दर्ज की गई है, जिसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 (हत्या का प्रयास) और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 54, 59 के तहत मामला पंजीकृत किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को पकड़ने के लिए विभिन्न संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर हथियार बरामद कर लिया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *