तरनतारन में घरेलू विवाद सुलझाने गई पुलिस पर हमला: परिवार से मारपीट करने पर बेटी ने की थी शिकायत, ASI की वर्दी फाड़ी, कांस्टेबल की उंगली तोड़ी – tarn-taran News
तरनतारन के गांव सोहल में घरेलू विवाद सुलझाने गई पुलिस पार्टी पर परिवार के मुखिया ने नशे की हालत में हमला कर दिया। इस हमले में एएसआई और कांस्टेबल घायल हो गए। सूचना पर जबतक थाने की पुलिस फोर्स पहुंची आरोपी फरार हो चुका था। आरोपी पर अपने परिवार को कमरे में बंद कर मारपीट करने और गाली गालौज करने का आरोप है। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस आरोपी की तलाश में इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। बेटी की शिकायत पर पहुंची पुलिस, परिवार को कमरे बंद कर दिया था पुलिस यह घटना तब हुई जब गांव सोहल निवासी प्रभजीत सिंह की बेटी सिमरन ने पुलिस को ऑनलाइन शिकायत की थी। उसने अपनी शिकायत में बताया था कि उसके पिता प्रभजीत सिंह नशे की हालत में सभी को गाली-गलौज कर रहे थे और परिवार के सदस्यों को एक कमरे में बंद कर दिया था। इस शिकायत पर कार्रवाई करते हुए थाना झब्बाल के प्रभारी सब इंस्पेक्टर बलजिंदर सिंह बाजवा ने एएसआई प्रगट सिंह के नेतृत्व में एक पुलिस टीम को मौके पर भेजा। जब पुलिस पार्टी वहां पहुंची, तो आरोपी प्रभजीत सिंह अपने परिवार के साथ हाथापाई कर रहा था। पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की। समझाने पर कर दिया पुलिस कर्मियों पर हमला आरोपी प्रभजीत सिंह ने गुस्से में एएसआई प्रगट सिंह पर हमला कर दिया। उसने उनको घायल कर दिया। उनकी वर्दी फाड़ दी और उनकी पगड़ी भी उतार दी। पुलिस पार्टी में शामिल कांस्टेबल कुलदीप सिंह पर भी हमला किया गया, जिससे उनके हाथ की एक उंगली टूट गई। घटना की सूचना मिलते ही सब डिवीजन तरनतारन के डीएसपी सुखबीर सिंह, थाना प्रभारी बलजिंदर सिंह बाजवा और ड्यूटी अधिकारी सब इंस्पेक्टर करनदीप मौके पर पहुंचे। हालांकि, तब तक आरोपी प्रभजीत सिंह वहां से भागने में सफल रहा। एएसआई प्रगट सिंह के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।एसएसपी सुरेंद्र लांबा ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें छापेमारी कर रही हैं। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है।
Source link

