डेराबस्सी के कारकोर में अवैध खनन: रातभर दौड़ रहे डंपरों से ग्रामीण परेशान, हादसे की आशंका, प्रशासन पर मिलीभगत के आरोप – Mohali News
मोहाली जिले के अंतर्गत आते विधानसभा क्षेत्र डेराबस्सी के गांव कारकोर में कथित अवैध और अनियंत्रित मिट्टी खनन को लेकर स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा सातवें आसमान पर है। रात के अंधेरे में धड़ल्ले से नियमों की धज्जियां उड़ाकर गुजर रहे ओवरलोडेड डंपरों से परेशान होकर ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और खनन विभाग (माइनिंग डिपार्टमेंट) के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। लोगों ने इस पूरे खेल में स्थानीय प्रशासन पर लापरवाही और माइनिंग माफिया से मिलीभगत के गंभीर आरोप लगाए हैं। चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने समय रहते भारी वाहनों की इस अवैध आवाजाही और माइनिंग पर रोक नहीं लगाई, तो वे सड़कों पर उतरकर डंपरों का चक्का जाम करने और उग्र प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे, जिसकी जिम्मेदारी पूरी तरह प्रशासन की होगी। रातभर दौड़ते हैं डंपर, सड़कों की हालत हुई खस्ता ग्रामीणों ने बताया कि हालांकि क्षेत्र में मिट्टी खनन का लीगल ठेका अलॉट होने की बात कही जा रही है, लेकिन इसके बावजूद माइनिंग के निर्धारित नियमों का बिल्कुल भी पालन नहीं किया जा रहा है। रात के समय मिट्टी से लदे भारी-भरकम डंपर लगातार रिहायशी इलाकों से होकर गुजरते हैं। इन भारी वाहनों के कारण गांव की लिंक सड़कें पूरी तरह टूटकर खस्ताहाल हो चुकी हैं, जिससे हर वक्त किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है। सड़कों पर फैल रही मिट्टी, धूल से सांस लेना हुआ दूभर लोगों के अनुसार ओवरलोडेड डंपरों से गिरने वाली मिट्टी सड़क पर फैल जाती है। सड़क पर बिखरी मिट्टी के कारण सुबह दोपहिया वाहन चालक और राहगीर फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। दिन के समय डंपरों के पीछे उड़ने वाले धूल के गुबार ने पूरे गांव को अपनी चपेट में ले लिया है, जिससे बुजुर्गों और बच्चों को सांस लेने की तकलीफ जैसी स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। शिकायतों के बाद भी मूकदर्शक बना है प्रशासन गांव के मौजिज लोगों ने रोष जताते हुए कहा कि इस समस्या को लेकर वे कई बार संबंधित उच्च अधिकारियों और खनन विभाग को लिखित शिकायतें दे चुके हैं। लेकिन हैरानी की बात है कि आज तक कोई भी प्रभावी कार्रवाई जमीनी स्तर पर देखने को नहीं मिली है। प्रशासन की इसी अनदेखी और चुप्पी के कारण खनन करने वालों के हौसले बुलंद हैं और वे बेरोकटोक इस गोरखधंधे को अंजाम दे रहे हैं। निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग ग्रामीणों ने जिला मोहाली प्रशासन और माइनिंग विभाग के आला अफसरों से इस पूरे मामले की मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच कराने की पुरजोर मांग की है। उनका कहना है कि यदि जांच में तय नियमों और समय-सीमा (Time Limit) के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो तुरंत प्रभाव से जिम्मेदार ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जानी चाहिए।
Source link

