अधूरे विकास कार्यों से घरों में घुसा बारिश का पानी: मानसा नगर परिषद के खिलाफ लोगों का प्रदर्शन, जल्द काम पूरा करने की मांग – Mansa News

अधूरे विकास कार्यों से घरों में घुसा बारिश का पानी:  मानसा नगर परिषद के खिलाफ लोगों का प्रदर्शन, जल्द काम पूरा करने की मांग – Mansa News




बुढलाडा के वार्ड नंबर 10 में अधूरे विकास कार्यों के खिलाफ रविवार, 5 जुलाई को स्थानीय निवासियों ने प्रदर्शन किया। लोगों ने सरकार और नगर परिषद प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द से जल्द विकास कार्य पूरे करने की मांग की। वार्डवासियों ने बताया कि चुनावों से पहले सड़कों, गलियों और नालियों को भूमिगत करने के लिए खोदा गया था, लेकिन कुछ समय बाद काम रोक दिया गया। इससे पूरा इलाका बदहाल हो गया है और लोगों को दैनिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शन में लक्की गर्ग, मोनू, बॉबी, गोल्डी, नबी, सीतू, बोधी, वंदना, उर्मिला, रीतू, सीमा, पूजा, प्रेमलता और कृष्णा सहित कई लोग शामिल थे। निवासियों के अनुसार, शनिवार को हुई बारिश के बाद स्थिति और बिगड़ गई। अधूरे पड़े कार्यों और खुदी हुई गलियों के कारण बारिश का पानी घरों में घुस गया, जिससे काफी नुकसान हुआ। गलियों में कीचड़ और पानी भर जाने से बुजुर्गों, महिलाओं और स्कूली बच्चों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि उन्होंने इस संबंध में कई बार नगर परिषद और कार्यकारी अधिकारी (ईओ) को शिकायतें दी हैं, लेकिन उनकी समस्या पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया गया। उनका कहना है कि प्रशासन की लापरवाही के कारण ही उन्हें सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ा। वार्डवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि अधूरे विकास कार्य जल्द पूरे नहीं किए गए, तो वे अपना संघर्ष जारी रखेंगे। इस मामले पर कार्यकारी अधिकारी (ईओ) सिकंदर सिंह ने बताया कि कुछ तकनीकी और अन्य कारणों से काम में देरी हुई थी। उन्होंने आश्वासन दिया कि विकास कार्य दोबारा शुरू कर दिए गए हैं। ईओ ने स्वीकार किया कि बारिश के कारण लोगों को परेशानी हुई, लेकिन भरोसा दिलाया कि शेष कार्य जल्द पूरे कराकर क्षेत्रवासियों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *