लुधियाना में जिम ट्रेनर की लापरवाही से युवक की मौत: जिम के बाहर हंगामा. लेग प्रेस पर डलवाया ओवरवेट, नस दबी, इलाज के दौरान दम तोड़ा – Ludhiana News
लुधियाना के टिब्बा रोड स्थित गोपाल नगर चौक इलाके में फिटनेस के नाम पर एक बड़ी लापरवाही ने एक युवक की जान ले ली। यहां सिद्धू जिम में 21 वर्षीय ट्रेनर द्वारा लेग प्रेस मशीन पर ओवरवेट (क्षमता से अधिक वजन) डलवाने के कारण शिवम नाम के युवक की रीढ़ की हड्डी की नस दब गई थी। 22 दिन पहले हुई इस घटना के बाद से ही शिवम जेरे इलाज (उपचाराधीन ) था, लेकिन अब इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया है। घटना के बाद से जिम का मालिक और आरोपी ट्रेनर दोनों फरार हैं। 22 दिन पहले मशीन पर डलवाया था ओवरवेट पारिवारिक सदसियो के अनुसार, शिवम सिद्धू जिम में जाता था। परिवार ने आरोप लगाया है कि 22 दिन पहले रूटीन वर्कआउट के दौरान 21 साल के ट्रेनर ने शिवम को लेग प्रेस लगाने को कहा। आरोप है कि इसी दौरान ट्रेनर ने मशीन में अचानक बहुत ज्यादा वजन (ओवरवेट) डाल दिया। जैसे ही शिवम ने वजन उठाने का प्रयास किया, उसकी कमर और रीढ़ की हड्डी में असहनीय दर्द हुआ और वह वहीं गिरकर तड़पने लगा। 22 दिन से जेरे इलाज था शिवम, मौत के बाद हंगामा भारी वजन के दबाव के कारण शिवम की रीढ़ की हड्डी की नस बुरी तरह से दब गई थी। हादसे के तुरंत बाद उसे अस्पताल ले जाया गया था और पिछले 22 दिनों से उसका लगातार इलाज चल रहा था। हालत गंभीर होने पर उसे पीजीआई (PGI) भी ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद जेरे इलाज शिवम की मौत हो गई। मौत की खबर सुनते ही हताश परिजनों और स्थानीय लोगों ने सिद्धू जिम के बाहर इकट्ठा होकर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। पिता का साया पहले ही उठ चुका था, परिवार का सहारा था शिवम शिवम के पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में उसकी मां, एक भाई और एक बहन हैं। मां एक हाउसवाइफ हैं। घर का गुजारा चलाने के लिए शिवम एक कंपनी में चेकिंग और पैकिंग का काम करता था। उसकी मौत से परिवार ने अपना एक महत्वपूर्ण सहारा खो दिया है। जिम मालिक और ट्रेनर फरार, पुलिस जांच में जुटी जैसे ही इलाके में तनाव का माहौल बना और जिम के बाहर प्रदर्शन शुरू हुआ, सूचना मिलते ही गोपाल चौकी की पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटना के बाद से ही जिम का मालिक और 21 वर्षीय आरोपी ट्रेनर मौके से फरार हैं। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे परिजनों को शांत करने का प्रयास किया और आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है और फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
Source link

