डेराबस्सी में हथियारबंद युवकों का दुकान पर हमला: आधी रात को कब्जे की कोशिश, बिजली का मीटर काटा; CCTV में कैद हुई वारदात – Mohali News
मोहाली जिले के डेराबस्सी में वीरवार देर रात रामलीला ग्राउंड के पास एक दुकान पर करीब 25 से 30 हथियारबंद युवकों ने कथित तौर पर हमला कर दिया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि युवकों ने दुकान पर जबरन कब्जा करने की कोशिश की, बिजली का मीटर काट दिया और ट्रैक्टर से वाहनों को हटाकर भारी नुकसान पहुंचाया। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पीड़ित ईश्वर दास के अनुसार, रात करीब 11 बजे हथियारबंद युवक दुकान के बाहर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने पहले बिजली का मीटर काटा और फिर ट्रैक्टर की मदद से दुकान के सामने खड़ी कारों को घसीटकर हटाया। इस दौरान एक कार लोहे की ग्रिल में फंस गई, जिससे उसे काफी नुकसान हुआ। पीड़ित का दावा है कि इस घटना में लाखों रुपये की संपत्ति क्षतिग्रस्त हुई है। गुजर रहे लोगों को तलवार और धारदार हथियार दिखाकर डराया शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि घटना के दौरान वहां से गुजर रहे लोगों को तलवार और धारदार हथियार दिखाकर डराया गया। उन्हें कथित तौर पर धमकी दी गई कि यदि किसी ने विरोध किया या पुलिस को सूचना दी तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। इलाके की सुरक्षा के लिए तैनात चौकीदार को भी धमकाने का आरोप है। घनी आबादी वाला इलाका है डेराबस्सी रामलीला ग्राउंड डेराबस्सी का एक घनी आबादी वाला इलाका है। देर रात हुई इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। निवासियों का कहना है कि शहर के मुख्य इलाके में हथियारों के बल पर ऐसी कार्रवाई कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। घटना की सूचना मिलते ही डेराबस्सी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ली पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले ली है और आरोपियों की पहचान करने की प्रक्रिया जारी है। अधिकारियों ने बताया कि शिकायत, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। यह समाचार शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है और मामले की जांच जारी है।
Source link

