कुत्तों ने मजदूर को नोचा, मौत: खेत में मिला शव,शरीर पर दांतों के निशान, बिहार से आया, खेतों में करता था धान रोपाई – Jagraon News

कुत्तों ने मजदूर को नोचा, मौत:  खेत में मिला शव,शरीर पर दांतों के निशान, बिहार से आया, खेतों में करता था धान रोपाई – Jagraon News




लुधियाना के कस्बा जगराओं के गांव पब्बियां में आवारा कुत्तों के हमले से एक मजदूर की मौत हो गई। गुरुवार सुबह खेत में मजदूर का शव बुरी हालत में मिला। उसके शरीर पर कुत्तों द्वारा काटे जाने के निशान मिले। मृतक बिहार के पूर्णिया जिले का रहने वाला है और धान की रोपाई के लिए जगराओं आया था। मृतक की पहचान रमेश मंडल (पुत्र जागेश्वर), निवासी मख्खनाहा, जिला पूर्णिया, बिहार के रूप में हुई है। वह हर साल की तरह इस बार भी गांव पब्बियां के किसान हरबंस सिंह के खेतों में धान की रोपाई के लिए अपने साथियों के साथ आया था। मोटर के कमरे की छत्त पर सो रहा था पुलिस के अनुसार, बुधवार रात रमेश और उसके साथी खेत में बने मोटर कमरे की छत पर सो रहे थे। देर रात रमेश के मोबाइल पर फोन आया। वह बात करने के लिए नीचे उतरकर खेतों की ओर चला गया। इसी दौरान पास की हड्डा रोड़ी के आसपास घूम रहे करीब 12-13 आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रमेश ने खुद को बचाने का प्रयास किया और मदद के लिए चिल्लाया। हालांकि, दिनभर काम करने के कारण उसके साथी गहरी नींद में थे और उसकी आवाज नहीं सुन पाए। कुत्तों ने उसकी गर्दन सहित शरीर के कई हिस्सों को नोच डाला, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मजदूरों ने खेत में पड़ा देखा शव गुरुवार सुबह जब साथी मजदूर उठे, तो उन्होंने खेत में रमेश का शव पड़ा देखा। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। चौकी चौकीमान के प्रभारी सुखमंदर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर धारा 194 बीएनएस के तहत आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस घटना के बाद इलाके के लोगों में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक को लेकर गहरा गुस्सा है। ग्रामीणों का कहना है कि पहले भी कई बार आवारा कुत्तों के झुंड लोगों और पशुओं पर हमला कर चुके हैं, लेकिन प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। लोगों ने मांग की है कि आवारा कुत्तों की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए ताकि भविष्य में किसी और परिवार को ऐसी त्रासदी का सामना न करना पड़े। गौरतलब है कि इस से पहले भी जगराओं में पिछले एक ही दिन में 15 लोगो को कुत्तो ने काट कर शहर में आंतक मचा दिया था जिसके बाद पार्षद दविंदरजीत सिंह सिद्धू ने कौंसिल टीम बुला कर कुत्तो को पकडवाया था



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *