अबोहर रेलवे स्टेशन के पास व्यक्ति का शव मिला: पहचान नहीं हुई; जीआरपी ने मोर्चरी में रखवाया, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार – Abohar News
अबोहर शहर के रेलवे स्टेशन के निकट पुराने जीआरपी कार्यालय के पास बुधवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। मृतक की उम्र करीब 40 वर्ष बताई जा रही है। आसपास के लोगों ने शव पड़े होने की सूचना नर सेवा नारायण सेवा समिति के प्रधान राजू चराया को दी। सूचना मिलते ही समिति के सदस्य बिट्टू नरूला और सोनू ग्रोवर मौके पर पहुंचे तथा जीआरपी पुलिस को अवगत कराया। इसके बाद जीआरपी के हेड कांस्टेबल जतिंद्र कुमार पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंचे और आसपास के लोगों से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया। मृतक की नहीं हुई पहचान हालांकि, काफी पूछताछ के बावजूद उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने समिति के सदस्यों की सहायता से शव को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है, ताकि पहचान होने पर परिजनों को सूचना दी जा सके। समिति सदस्य बिट्टू नरूला ने बताया कि मृतक मानसिक रूप से कमजोर प्रतीत होता था। वह अक्सर रेलवे स्टेशन व आसपास के क्षेत्रों में घूमता दिखाई देता था और लोगों से मांगकर अपना गुजारा करता था। प्रारंभिक तौर पर आशंका है कि उसकी मौत बीमारी या अत्यधिक गर्मी के कारण हुई हो सकती है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। जीआरपी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को मृतक की पहचान संबंधी कोई जानकारी हो तो वे तत्काल जीआरपी थाना से संपर्क कर सूचना दें।
Source link

