फरीदकोट में समीक्षा बैठक में सांसद की दो टूक: ‘जरूरतमंदों को लाभ नहीं मिला तो योजनाएं बेकार’, खर्च और प्रगति पर जवाब तलब – Faridkot News

फरीदकोट में समीक्षा बैठक में सांसद की दो टूक:  ‘जरूरतमंदों को लाभ नहीं मिला तो योजनाएं बेकार’, खर्च और प्रगति पर जवाब तलब – Faridkot News




फरीदकोट के मिनी सचिवालय में उस समय प्रशासनिक हलचल तेज हो गई, जब सांसद सरबजीत सिंह खालसा की अध्यक्षता में ‘जिला विकास तालमेल व निगरान कमेटी’ की एक अहम बैठक बुलाई गई। इस मैराथन बैठक में केंद्र और राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही दर्जनों जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की गहन समीक्षा की गई। सांसद ने एक-एक कर सभी विभागों के आला अधिकारियों को अपने सामने बिठाया और अब तक की ग्राउंड रिपोर्ट तथा सरकारी फंड के इस्तेमाल का पूरा ब्योरा तलब किया। उन्होंने विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से सीधे सवाल-जवाब किए। उन्होंने मुख्य रूप से बड़ी योजनाओं की मौजूदा स्थिति और प्रोग्रेस रिपोर्ट की विस्तृत जानकारी ली। ‘मनरेगा’ से लेकर ‘उज्ज्वला’ तक… योजनाओं की लंबी फेहरिस्त पर हुआ मंथन बैठक के दौरान सांसद सरबजीत सिंह खालसा पूरी तैयारी के साथ पहुंचे थे और उन्होंने विकास कार्यों को लेकर अधिकारियों से सीधे सवाल-जवाब किए। उन्होंने मुख्य रूप से ग्रामीण रोजगार के लिए ‘मनरेगा’, युवाओं के लिए ‘प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना’, ‘दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना’ और गांवों को जोड़ने वाली ‘प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना’ की प्रगति जानी। इसके अलावा, आम जनता से जुड़ी ‘प्रधानमंत्री आवास योजना’, ‘जल जीवन मिशन’, ‘स्वच्छ भारत मिशन’, ‘समग्र शिक्षा अभियान’, ‘मिड-डे मील’, ‘राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन’ और ‘एमपी लैंड’ फंड के तहत चल रहे विकास कार्यों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। योजनाओं पर सांसद की बात, किसको कितना लाभ मिला “जरूरतमंदों को लाभ नहीं मिला तो योजनाएं बेकार” – सांसद की अधिकारियों को दोटूक समीक्षा के बाद सांसद सरबजीत सिंह खालसा ने जमीनी हकीकत पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर पड़ताल करने से पता चलता है कि अभी भी समाज के कई बेहद गरीब और जरूरतमंद परिवार इन सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हैं।
सांसद ने सख्त लहजे में निर्देश देते हुए कहा कि अधिकारी केवल कागजी खानापूर्ति बंद करें और यह सुनिश्चित करें कि आने वाले समय में हर पात्र नागरिक तक उसका हक पहुंचे। उन्होंने सभी योजनाओं की जानकारी ग्रामीण स्तर पर अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया ताकि जागरूकता की कमी के कारण कोई पीछे न छूटे। एडीसी ने जताया भरोसा, बैठक में मुस्तैद रहा पूरा प्रशासनिक अमला सांसद के कड़े रुख के बीच अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) संदीप मल्होत्रा ने जिला प्रशासन की तरफ से विश्वास दिलाया कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर पर पूरी पारदर्शिता के साथ लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन प्रत्येक जरूरतमंद तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए वचनबद्ध है। इस महत्वपूर्ण बैठक में सांसद के पीए दलेर सिंह खालसा, शिवजीत सिंह संगा, उप जिला शिक्षा अधिकारी पवन कुमार, ब्लॉक कृषि अधिकारी डॉ. गुरप्रीत सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी अपनी रिपोर्ट फाइलों के साथ मुस्तैद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *