पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें: हवेली की सलाद में जिंदा कॉकरोच; जत्थेदार गड़गज बोले- ये अकाल तख्त है; निहंग की आपत्तिजनक फोटो लीक हुई – Chandigarh News

पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें:  हवेली की सलाद में जिंदा कॉकरोच; जत्थेदार गड़गज बोले- ये अकाल तख्त है; निहंग की आपत्तिजनक फोटो लीक हुई – Chandigarh News


.

पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर मंत्रियों और विधायकों की श्री अकाल तख्त साहिब में पेशी से जुड़ी रही। इस दौरान जत्थेदार ने आदेश दिया कि नए बेअदबी कानून में एक महीने में संसोधन किया जाए।

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. बेदअदबी कानून में 1 महीने में संशोधन का आदेश

श्री अकाल तख्त साहिब ने पंजाब की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार को बेअदबी कानून जागत ज्योत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संशोधन) एक्ट-2026 में एक महीने में संशोधन करने का आदेश दिया है। सोमवार (29 जून) को हुई सुनवाई के दौरान अकाल तख्त जत्थेदार कुलदीप सिंह गड़गज ने कानून पर 6 एतराज जताए।

उन्होंने कहा कि सरकार बेअदबी करने वालों को सजा देने के लिए कानून बनाए, इस पर कोई एतराज नहीं है, लेकिन सिख शब्दावली, मर्यादा और पंथ से जुड़े मामलों में विधानसभा फैसला नहीं कर सकती। तब तक इस कानून को होल्ड किया जाए। जत्थेदार ने 2 सवाल पूछे। इस दौरान विधायकों ने माना कि कानून को बिना पढ़े सहमति दी।

इस दौरान AAP विधायकों की तरफ से कांग्रेस MLA सुखपाल खैहरा का विरोध किया गया तो जत्थेदार कुलदीप गड़गज ने जोर से कहा कि ये अकाल तख्त है। सब मर्यादा में रहें। इसके बाद सारे नीचे बैठ गए। सुनवाई के दौरान जत्थेदार ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के दो वीडियो भी सुनवाए। पेशी के लिए AAP के सभी सिख मंत्री और विधायक नंगे पैर लिखित स्पष्टीकरण के साथ अकाल तख्त पहुंचे। (पढ़ें पूरी खबर)

2. रोड से गनपॉइंट पर युवक किडनैप किया

लुधियाना में एक युवक को गनपॉइंट पर किडनैप कर लिया गया है। हमलावर इनोवा कार में सवार हो कर आए और कार से उतरते ही न्यूट्री कुलचा खा रहे तीन दोस्तों पर हमला कर दिया। इस दौरान एक युवक तो भाग निकला, लेकिन हमलावरों ने दो युवकों को पकड़ लिया और जमकर मारपीट की।

आरोपियों ने इस दौरान करीब 2 राउंड फायरिंग भी की। हालांकि किसी को गोली नहीं लगी। इसके बाद हमलावर एक युवक को जबरन कार में डालकर ले गए। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया, जिसमें आरोपी कार में आते हुए दिख रहे हैं।

सेक्टर-932 के इलाके में सफेद रंग की इनोवा गाड़ी खालसा वेज पॉइंट के नजदीक रुकी। गाड़ी से पहले संतरी रंग की टी-शर्ट पहने एक युवक तेजी से उतरा और पार्किंग एरिया की तरफ भागा। इतने में सफेद रंग की टी-शर्ट पहने युवक भी इनोवा कार से उतरा वह भी पार्किंग एरिया की तरफ भागा। (पढ़ें पूरी खबर)

3. हवेली के सलाद से निकला जिंदा कॉकरोच

पंजाब की संस्कृति को दर्शाने वाले जालंधर स्थित मशहूर रेस्टोरेंट हवेली में हंगामा हो गया। यहां परिवार के साथ खाना खाने पहुंचे एक व्यक्ति ने दावा किया कि उसे परोसे गए सलाद में जिंदा कॉकरोच निकल आया।

व्यक्ति का कहना है कि उसने रेस्टोरेंट स्टाफ और मैनेजर को इस बारे में बताया तो वे खाना बदलकर दूसरा खाना लाने को कहने लगे, लेकिन उन्होंने इस पर माफी नहीं मांगी। इसके बाद वह अपने परिवार को लेकर वहां से चला आया और किसी दूसरे रेस्टोरेंट में खाना खाया।

यह घटना गुरुवार, 25 जून की है, लेकिन इसका वीडियो रविवार, 28 जून को सोशल मीडिया पर अपलोड किया। इसके वायरल होते ही मामले ने तूल पकड़ा। इसके बाद रेस्टोरेंट के मैनेजर ने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। अगर ऐसा कुछ हुआ है तो जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। (पढे़ं पूरी खबर)

4. पंजाबी युवक ने अमेरिकन दंपती को पीटा

पंजाब के युवक और अमेरिकन दंपती के बीच हुए झगड़े का वीडियो सामने आया है। अमेरिका की न्यूयॉर्क सिटी में नस्लीय टिप्पणी को लेकर लात-घूंसे और थप्पड़ चले। वीडियो में पहले महिला-पुरुष एक युवक से बहस करते दिखते हैं।

इस बीच एक पंजाबी युवक बीच में आता है और कुछ देर तक महिला-पुरुष को समझाता है। नहीं समझने पर पहले पंजाबी में ही गाली देता और फिर रोड के बीच झगड़ा शुरू हो जाता है। इस बीच पंजाबी युवक का दूसरा साथी भी बाहर निकल आता है और महिला और पुरुष के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो जाती है।

कार से निकला पंजाबी युवक अचानक एग्रेसिव हो जात है और अमेरिकन व्यक्ति को एक के बाद एक कई थप्पड़ जड़ देता है। बीच बचाव के लिए जब स्थानीय व्यक्ति की पत्नी आती है, तो उसे भी धक्के मारे जाते हैं और भाग जाने के लिए कहा जाता है। इस बीच स्थानीय व्यक्ति पंजाबी युवक को कहा कि वह उसकी पत्नी के साथ इस तरह का व्यवहार नहीं कर सकते है, इसके बाद फिर से पंजाबी युवक उसे थप्पड़ जड़ देता है। (पढ़ें पूरी खबर)

5. प्रिंसिपल की हत्या, घर में बाप-बेटे को बनाया बंधक

लुधियाना में प्रिंसिपल की गर्दन काटर हत्या कर दी गई। मृतक के बेटे ने कहा कि दो व्यक्ति घर में घुसे, फिर उसे और उसके पिता को बंधक बना लिया। आरोपियों ने अर्धनग्न कर उनके साथ मारपीट की। इसके बाद हमलावरों ने उसके पिता पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।

पुलिस को मृतक की गर्दन पर कट का निशान मिला है। मृतक की पहचान 50 वर्षीय इकबाल सिंह के रूप में हुई है, जो अपने घर में ही स्कूल चलाते थे। घटना देर रात की है। सूचना मिलते ही थाना जमालपुर की पुलिस, सीआईए स्टाफ की टीमें मौके पर पहुंच गईं।

घटना गांव जंडियाली की है। मृतक के बेटे युवी ने कहा कि उसके पिता इकबाल सिंह पेशे से वकील थे और अपने मकान में ही “धालीवाल स्कूल” नाम से एक शिक्षण संस्थान संचालित करते थे, जहां 8वीं कक्षा तक पढ़ाई करवाई जाती है। युवी का आरोप है कि हमलावरों ने उसके पिता पर धारदार हथियार से हमला किया, जिससे उनकी मौत हो गई। (पढ़ें पूरी खबर)

6. उत्तराखंड से पंजाब लौटे निहंग की आपत्तिजनक PHOTOS लीक

मोहाली के ऐतिहासिक सोहाना साहिब गुरुद्वारे में रविवार को जिस निहंग जसदीप सिंह पर हमले की कोशिश हुई, उसी निहंग के कुछ आपत्तिजनक फोटो सोशल मीडिया पर लीक हुए हैं। ये फोटो निहंग विक्की थॉमस सिंह ने अपने सोशल मीडिया पेज पर अपलोड किए।

इनमें विक्की थॉमस ने दावा किया है कि इन तस्वीरों में निहंग जसदीप सिंह है, जो बिना कपड़ों के एक अन्य सिख युवक के साथ बेहद आपत्तिजनक स्थिति में नजर आ रहा है। इन तस्वीरों को शेयर करते हुए विक्की थॉमस ने कहा- मेरे दिल में तुम्हारे लिए जो सम्मान और जो छवि एक रोशनी की तरह जगमगा रही थी, तुमने अपनी इस हरकत से उसे एक ही पल में बुझा दिया।

बड़ी बात यह है कि जसदीप सिंह ने खुद भी माना है कि ये फोटो उसी के हैं। विक्की थॉमस ने यह कन्फर्म करने के लिए जसदीप को वीडियो कॉल किया था, जिसमें जसदीप कह रहा है कि फोटो में वही है। वीडियो कॉल की रिकॉर्डिंग भी विक्की थॉमस ने अपने पेज पर शेयर की है। (पढ़ें पूरी खबर)

7. 2 कारें भिड़ी, 4 की मौत, इनमें एक ही परिवार के 3 लोग

जालंधर में जम्मू नेशनल हाईवे पर क्रेटा और बलेनो कार की टक्कर हो गई। बलेनो सवार 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि क्रेटा सवार 5 लोग गंभीर घायल हैं। मृतकों में 2 साल का बच्चा, फौजी, उनकी पत्नी और एक अन्य महिला शामिल है।

जानकारी के अनुसार, परिवार बलेनो कार में सवार होकर श्री हजूर साहिब के दर्शन के लिए जा रहा था। किशनगढ़ के पास डिवाइडर पार करते समय उनकी कार बेकाबू होकर दूसरी तरफ जाकर क्रेटा गाड़ी से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों कारों के परखच्चे उड़ गए।

स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण बताया जा रहा है। (पढ़ें पूरी खबर)

8. पार्षद बोली- गंदे पानी से महिला की जान गई, कीड़े निकले

चंडीगढ़ में नगर निगम की बैठक के प्रश्नकाल के दौरान पार्षदों ने शहर में पीने के पानी की क्वालिटी का मुद्दा उठाया। सेक्टर-40 की पार्षद गुरबख्श रावत ने कहा कि उनके वार्ड में दूषित पानी से महिला की जान चली गई। गुरबख्श रावत ने कहा कि उनके वार्ड में सप्लाई किया जा रहा पानी दूषित है।

इतना ही नहीं निगम की ओर से भेजे जा रहे पानी के टैंकरों की आपूर्ति पर भी सवाल उठाए गए। पार्षदों ने कहा कि टैंकरों से मिलने वाली सप्लाई भी मानकों के अनुरूप नहीं है। एक टंकी, जिस पर “पीने का पानी, नगर निगम चंडीगढ़” लिखा हुआ था, उसमें कीड़े पाए गए।

इससे पहले सदन के अंदर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के पार्षदों ने हंगामा किया। दोनों दलों के पार्षदों ने बीजेपी अध्यक्ष जितेंद्र मल्होत्रा के बयान को लेकर विरोध जताया और उनसे माफी मांगने की मांग की। इसी दौरान प्रदर्शनकारी पार्षदों की भाजपा पार्षदों के साथ बहस भी हो गई। भाजपा के मनोनीत पार्षद अनील मसीह की तरफ वोट चोर के नारे लगाए गए। (पढ़ें पूरी खबर)

9. शिक्षा विभाग ने नहीं बढ़ाई स्कूलों की छुट्टियां

पंजाब में गर्मी की छुट्टियां खत्म होने को लेकर स्टूडेंट्स, अभिभावकों और शिक्षकों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है। सोशल मीडिया पर स्कूलों के 7 जुलाई से खुलने संबंधी दावों के बीच शिक्षा विभाग की ओर से अब तक छुट्टियां बढ़ाने का कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है।

शिक्षा विभाग के पहले से जारी शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार राज्य के सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों में 1 जून से 30 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश निर्धारित किया गया था। विभाग की ओर से फिलहाल इस कार्यक्रम में किसी प्रकार का संशोधन नहीं किया गया है।

ऐसे में मौजूदा आधिकारिक स्थिति के अनुसार स्कूलों में नियमित पढ़ाई 1 जुलाई से दोबारा शुरू होने की संभावना है। विभाग ने छुट्टियों को 7 जुलाई तक बढ़ाने संबंधी किसी भी तरह का नोटिफिकेशन जारी नहीं किया है। हालांकि सोशल मीडिया और वॉट्सएप पर कुछ मैसेजों में दावा किया जा रहा है कि मौसम और गर्मी को देखते हुए छुट्टियों की अवधि बढ़ाई जा सकती है।

खबर जरा हटके…

10. शेयर मार्केट में डूबे पैसे, भरपाई के लिए बन गया चोर

लुधियाना में शेयर मार्केट में हुए घाटे की भरपाई के लिए एक युवक चोर बन गया। 9 जून को सुबह करीब 11:35 बजे वह सलेम टाबरी स्थित एक ज्वेलरी शॉप पर ग्राहक बनकर पहुंचा। उसने सवा 10 ग्राम सोने का सेट दिखाने को कहा। दुकानदार ने लॉकर से सोने का हार और झुमके (कांटे) निकालकर उसे दिखाए।

आरोपी कुछ देर तक सेट को ध्यान से देखता रहा और जैसे ही दुकानदार का ध्यान दूसरी तरफ गया, वह बड़ी चालाकी से पूरा सोने का सेट उठाकर फरार हो गया। वारदात के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी की पहचान की।

मुखबिर की सूचना पर 25 जून को उसे दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन वेस्ट इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की बात कबूल करते हुए बताया कि उसने चोरी किया हुआ सोना उत्तर प्रदेश के मेरठ में बेच दिया है। इसके बाद पुलिस ने मेरठ में छापेमारी कर 27 जून को 27.97 ग्राम चोरी किया गया सोना बरामद कर लिया। (पढ़ें पूरी खबर)

(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *