अबोहर में पुलिस का कासो अभियान: 120 ग्राम चिट्टा और 180 नशीली गोलियां बरामद; 4 आरोपी गिरफ्तार – Abohar News
अबोहर में नशा तस्करी और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में रविवार सुबह सीडफार्म क्षेत्र में एक बड़ा कासो (कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन) चलाया गया। इस अभियान के दौरान पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 120 ग्राम चिट्टा तथा 180 नशीली गोलियां बरामद कीं। एसएसपी गगन अजीत सिंह के निर्देशों पर डीएसपी हरीश कुमार और डीएसपी अमनदीप के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। थाना नंबर-1 के प्रभारी मनिंदर सिंह और भारी पुलिस बल ने सुबह करीब 7 बजे से सीडफार्म क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान शुरू किया। पुलिस टीमों ने इलाके के दर्जनों घरों और संदिग्ध ठिकानों की गहन जांच की। अभियान के दौरान 2 युवक गिरफ्तार अभियान के दौरान, पुलिस ने जसविंदर सिंह और लीलाधर नामक दो युवकों को संदिग्ध परिस्थितियों में पकड़ा। उनकी तलाशी लेने पर 180 नशीली गोलियां बरामद हुईं। एक अन्य कार्रवाई में, गगनदीप और चंचल को गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से लगभग 120 ग्राम चिट्टा मिला। इसके अतिरिक्त, चार अन्य संदिग्ध युवकों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग की जाएगी, ताकि नशे की आपूर्ति श्रृंखला और इसके पीछे सक्रिय बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके। एसएसपी गगन अजीत सिंह ने बताया कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि सीडफार्म, इंद्रा नगरी और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और समाज को सुरक्षित बनाने के लिए ऐसे अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे।
Source link

